IndiaUttar Pradesh

​‘अब मत करो इंतजारी, मथुरा चलेंगे मुगदर धारी’… कुंडा की रामकथा में फिर बोले बाबा बागेश्वर

Pratapgarh News: प्रतापगढ़ जिले की कुंडा विधानसभा सीट से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के बेंती राजभवन में श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है. कथा के दूसरे दिन बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने संबोधन में मथुरा जाने की बात दोहराई. उन्होंने कहा, “मथुरा हम फिर जाएंगे और सबको बुलाएंगे. हम इतना ही कहेंगे मथुरा चलो, अब मत करो इंतजारी, मथुरा चलेंगे मुगदर धारी.”

​‘अब मत करो इंतजारी, मथुरा चलेंगे मुगदर धारी’… कुंडा की रामकथा में फिर बोले बाबा बागेश्वर

धीरेंद्र शास्त्री के इस बयान के बाद एक बार फिर मथुरा को लेकर उनकी टिप्पणी चर्चा में आ गई है. इससे पहले कथा के पहले दिन भी उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा था, “चलो मथुरा की ओर, लगा दो एक और जोर.” उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी शुरू हो गई थीं.

‘हम कथा किसी राजनीतिक पार्टी के लिए नहीं करते’

रामकथा के मंच से धीरेंद्र शास्त्री ने राजनीतिक इस्तेमाल के आरोपों पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि उनकी कथाएं पांच साल चलती रहती हैं, ऐसा नहीं है कि वे केवल चुनाव के समय ही कथा करते हैं. उन्होंने साफ कहा कि हम कथा किसी पार्टी के लिए नहीं करते. हमारा उद्देश्य सनातन धर्म का प्रचार करना है. उन्होंने कहा कि चुनाव का समय होने के कारण उनकी कथा और बयानों पर राजनीतिक चर्चा हो सकती है, लेकिन उनका काम कथा सुनाना है. वे किसी को सफाई नहीं देना चाहते.

‘हिंदू भाई आपस में न लड़ें, इसके लिए सौ बार माफी मांगूंगा’

कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने हिंदू समाज की एकता पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि वे नहीं चाहते कि हिंदू भाई आपस में बंटें या लड़ें. इसी वजह से जरूरत पड़ने पर वे एक बार नहीं, बल्कि सौ बार माफी मांग सकते हैं. उन्होंने कहा, “मेरे लिए यादव और माधव एक हैं.” उन्होंने अपनी पिछली कृष्ण संबंधी टिप्पणी पर हुए विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि तीन घंटे की कथा को 30 सेकेंड की रील में देखकर पूरी बात नहीं समझी जा सकती. कथा के विरोध करने वालों को उन्होंने संदेश दिया कि उन्हें भी कथा सुननी चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर विरोध करने वाले लोग भी कथा का आयोजन करेंगे तो वह वहां भी कथा सुनाने जाएंगे.

सनातन परंपरा और संविधान को लेकर कही ये बात

दूसरे दिन के संबोधन में धीरेंद्र शास्त्री ने मजहबी विचारधाराओं और विदेशी ताकतों का जिक्र करते हुए कहा कि हिंदू परंपरा जोड़ने वाली है, तोड़ने वाली नहीं. उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा से संविधान सुरक्षित रह सकता है. उनके मुताबिक, दूसरी मजहबी विचारधाराओं और विदेशी ताकतों का प्रभाव बढ़ने से सनातन और संविधान दोनों के सामने खतरा पैदा हो सकता है.

कथा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

राजा भैया की ओर से आयोजित इस रामकथा में दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. आयोजकों और सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, कथा स्थल पर बनाए गए 5050 हजार लोगों की क्षमता वाले तीनों टेंट भर गए. दावा किया गया कि दूसरे दिन करीब दो लाख श्रद्धालु कथा सुनने पहुंचे. धीरेंद्र शास्त्री ने अपने संबोधन में पाकिस्तान में रहने वाले हिंदुओं का भी जिक्र किया.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply