Satya Report: अभिनेता अनुपम खेर सालों से फिल्मों में अभिनय कर रहे हैं। ऐसे में उनके नाम पर कई करोड़ों की संपत्ति होनी चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं है। अनुपम खेर किराये के घर में रहते हैं और हाल ही में उन्होंने बताया कि दशकों की सफलता के बावजूद आज भी वो किराए के घर में क्यों रहते हैं।

उनके मुताबिक यह फैसला किसी मजबूरी से नहीं लिया गया है। बल्कि उन्होंने ये सोच समझकर और अपने अनुभवों से लिया है। द पावरफुल ह्यूम्स ऑफिशियल से बातचीत में खेर ने कहा कि उन्होंने अपने लिए घर न खरीदने का फैसला जरूर लिया, लेकिन अपनी मां के लिए उन्होंने घर खरीदा।
शिमला में मां के लिए खरीदा 8 कमरों का घर
इसके बारे में बात करते हुए ने कहा, “मैंने अपनी मां के लिए घर खरीदा क्योंकि वह शिमला में घर चाहती थीं। एक दिन उन्होंने कहा कि उन्हें शिमला में अपना घर चाहिए। उन्होंने 60 साल तक किराए के घर में जीवन बिताया था और अब वह वहां अपना घर चाहती थीं। हम शिमला गए और घर देखा। वह एक छोटा एक कमरे का घर चाहती थीं, लेकिन मैंने उनके लिए 8 कमरों वाला घर खरीदा। ये प्रतीकात्मक चीजें होती हैं, नहीं तो आप उदाहरण कैसे सेट करेंगे?”
अनुपम खेर ने कहा घर अपना हो या किराए का फर्क नहीं पड़ता
खेर ने आगे कहा कि एक समय के बाद संपत्ति का महत्व सीमित हो जाता है। उन्होंने कहा, “मैं खुद की तुलना गौतम बुद्ध से नहीं कर रहा, लेकिन वे एक राजकुमार थे। जब उन्होंने दुनिया देखी तो समझा कि लोग कैसे जीते हैं और वहीं से उनका दृष्टिकोण बदला। मेरा मानना है कि जब आप पैसा कमा लेते हैं तो असल में आपको क्या चाहिए? रहने के लिए एक जगह, चाहे वह अपना हो या किराए का—दोनों एक जैसे हैं। आपको एक गाड़ी चाहिए, कुछ लोग चाहिए जो आपके साथ काम करें। इसके आगे मैं सोने की थाली में खाना नहीं खा सकता। यह इंसान के रूप में विकास की बात है, मैं खुद को संत नहीं कह रहा।”
उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने फिल्म ‘सारांश’ के लिए 10,000 रुपये कमाए थे और आज उनकी कमाई बहुत अधिक है, लेकिन असली उपलब्धि व्यक्ति का विकास है।
अपने जाने के बाद विवाद नहीं चाहते अनुपम खेर
अनुपम खेर ने यह भी कहा कि अक्सर किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद संपत्ति को लेकर विवाद हो जाते हैं। उन्होंने कहा, “जब कोई व्यक्ति गुजर जाता है तो संपत्ति को लेकर झगड़े शुरू हो जाते हैं। मैंने कई बुजुर्गों को देखा है जिन्हें उनके ही बच्चे घर से निकाल देते हैं या वसीयत पर दबाव डालते हैं। मेरे घर में ऐसा माहौल नहीं है। मेरा मानना है कि जितना हल्का रहोगे, उतना ऊंचा उड़ पाओगे।”
आलिया भट्ट ने खरीदा अनुपम खेर का घर
एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि लगभग 10 साल पहले उन्होंने घर रखने का विचार छोड़ दिया था। उन्होंने कहा, “मैंने अपना घर बेच दिया था, जिसे ने खरीदा। उसके बाद मैं और किरण एक जगह रहने लगे, सोचकर कि जब तक नया घर नहीं मिलता, वहीं रहेंगे। लेकिन इसमें चार साल लग गए।”
किरण खेर के भी बदल गए विचार
2024 में एक बातचीत में उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी किरण खेर को भी इस सोच के साथ तालमेल बैठाने में समय लगा, लेकिन अब वह इससे सहमत हैं। उन्होंने ये भी बताया कि इसकी प्रेरणा उन्होंने रतन टाटा से मिली। जिन्होंने सादगी भरा जीवन जिया। उन्होंने कहा कि रतन टाटा एक छोटे घर में रहते थे और साधारण जीवन जीते थे, जो उनके लिए प्रेरणा है।



