IndiaUttar Pradesh

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस ट्रेलर में घुसी, 2 की मौत, 24 से ज्यादा घायल

आगरालखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए. गोरखपुर से चंडीगढ़ जा रही एक डबल डेकर स्लीपर बस फिरोजाबाद जिले के नगला खंगर थाना क्षेत्र में आगे चल रहे ट्रेलर से जा भिड़ी.

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस ट्रेलर में घुसी, 2 की मौत, 24 से ज्यादा घायल

शुरुआती जांच में हादसे की वजह चालक को आई नींद की झपकी मानी जा रही है. हादसे के बाद पुलिस, यूपीडा और एंबुलेंस टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया.

शुक्रवार सुबह आगरालखनऊ एक्सप्रेसवे पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब गोरखपुर से चंडीगढ़ जा रही यात्रियों से भरी डबल डेकर स्लीपर बस खंभा संख्या 63 के पास आगे चल रहे ट्रेलर ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस के अंदर बैठे यात्रियों में चीखपुकार मच गई.

हादसे की सूचना मिलते ही नगला खंगर थाना पुलिस, यूपीडा की रेस्क्यू टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं. स्थानीय टीमों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाना शुरू किया.

बस में 60 से अधिक यात्री सवार बताए जा रहे हैं. हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए शिकोहाबाद के संयुक्त जिला चिकित्सालय भेजा गया. इनमें से पांच यात्रियों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान बस चालक को संभवतः नींद की झपकी आ गई, जिसके कारण बस अनियंत्रित होकर ट्रेलर से जा टकराई. हालांकि, पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply