Drug syndicate News: उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच सक्रिय नशे के एक बड़े अवैध कारोबार के खिलाफ मुरादाबाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. कटघर थाना पुलिस ने कल्याणपुर अंडरपास के पास नाकाबंदी कर एक संदिग्ध कार से कोडीन सिरप की 2,000 अवैध बोतलें बरामद की हैं, जिनकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3 लाख आंकी गई है. पुलिस ने मौके से इस गिरोह के मुख्य सरगना फहीम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो अन्य साथी फरार होने में कामयाब रहे.

मुरादाबाद के एसपी सिटी रणविजय सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि सीओ कटघर और एसएचओ कटघर की संयुक्त टीमों को एक पुख्ता इनपुट मिला था कि उत्तराखंड के हरिद्वार से नशे की एक बड़ी खेप मुरादाबाद लाई जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कल्याणपुर अंडरपास के पास जाल बिछाया और एक संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली. कार के अंदर से कोडीन सिरप की लगभग 2000 बोतलें बरामद हुईं. कार चला रहे कटघर के करूला निवासी मुख्य आरोपी फहीम को पुलिस ने मौके पर ही धर दबोचा.
हरिद्वार के ‘राणा’ से सप्लायर का कनेक्शन
पुलिस पूछताछ में आरोपी फहीम ने कबूल किया कि यह पूरा गैंग उत्तराखंड के हरिद्वार निवासी ‘राणा’ नामक व्यक्ति से कोडीन की अवैध खेप खरीदकर मुरादाबाद लाता था. गिरोह ने माल को सुरक्षित रखने के लिए मुरादाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र स्थित अकबरपुर गांव में एक मकान किराए पर ले रखा था. वहां बोतलों को स्टोर करने के बाद आसपास के जिलों और लोकल सप्लायर्स के जरिए मेडिकल स्टोर व नशेड़ियों को सप्लाई किया जाता था.
फहीम ने अपने दो अन्य साथियों, नवाज और आसिफ के नामों का भी खुलासा किया है. पुलिस दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
पहले भी एनडीपीएस एक्ट में जेल जा चुका है मुख्य आरोपी
शुरुआती जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी फहीम का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है. वह वर्ष 202122 में सिविल लाइंस थाने से एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल जा चुका है. SP सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि पुलिस अब इस सिंडिकेट के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेजेस की गहनता से पड़ताल कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि किनकिन मेडिकल स्टोर मालिकों या बिचौलियों को यह नशे की सिरप बेची जाती थी.



