नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के जंतरमंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का विरोधप्रदर्शन अब दिल्ली वालों के वीकेंड के जश्न पर भी भारी पड़ने लगा है। प्रदर्शन के मद्देनजर पूरी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। इसी कड़ी में सरकार ने कानूनव्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दिल्ली की सभी शराब दुकानों को लेकर एक बहुत बड़ा फैसला लिया है। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में अब इस वीकेंड पर शराब की दुकानें अपने तय समय से दो घंटे पहले ही बंद हो जाएंगी, जिससे शराब शौकीनों का वीकेंड का मजा किरकिरा हो सकता है।

रात 10 नहीं, अब 8 बजे ही बंद हो जाएंगे ठेके
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जंतरमंतर पर छात्रों और CJP कार्यकर्ताओं के जारी भारी विरोधप्रदर्शन को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। वीकेंड खत्म होने तक पूरी दिल्ली में शराब की दुकानें अपने सामान्य समय रात 10 बजे के बजाय रात 8 बजे ही बंद कर दी जाएंगी। प्रशासन का मानना है कि रात के समय माहौल को शांतिपूर्ण बनाए रखने और किसी भी तरह की संभावित हुड़दंग को रोकने के लिए शराब दुकानों के शटर जल्दी गिराना जरूरी है।
बिना पूर्व सूचना के शटर गिरने से ग्राहक हुए थे हैरान
शराब दुकानों के समय में बदलाव का यह सख्त फैसला गुरुवार को हुई उस घटना के बाद लिया गया है, जब बिना किसी पूर्व सूचना या ऐलान के शराब दुकानों को समय से पहले बंद करा दिया गया था। अचानक दुकानें बंद होने से उन ग्राहकों को भारी हैरानी और परेशानी का सामना करना पड़ा था, जो काम से लौटते समय शराब खरीदने पहुंचे थे। कई लोगों को बिना शराब खरीदे ही बैरंग घर लौटना पड़ा था, जिसके बाद से ही नई टाइमिंग को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी।
पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर सरकार का सख्त फैसला
इस पूरे मामले पर दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्थिति स्पष्ट की है। अधिकारी ने बताया कि वीकेंड तक शराब की दुकानें अब रात 8 बजे तक ही खोली जाएंगी और इसके बाद बिक्री पर पूरी तरह रोक रहेगी। उन्होंने बताया कि यह महत्वपूर्ण फैसला दिल्ली पुलिस की ओर से मिली एक संवेदनशील रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है, जिसमें जंतरमंतर पर चल रहे विरोधप्रदर्शन के कारण राजधानी में कानूनव्यवस्था के हालात और संभावित जोखिमों का विशेष तौर पर जिक्र किया गया था।



