
कुमारखंड थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर चंडीस्थान पंचायत स्थित लक्ष्मीपुर वार्ड संख्या छह में शनिवार की दोपहर खाना मांगने को लेकर हुए विवाद में पति ने पत्नी को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया।
इसके बाद उसने सास को फोन कर पत्नी के बेहोश हो जाने की सूचना दी और घर छोड़ कर भाग निकला। इस बीच पड़ोस के दंपती ने विवाहिता को स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए।
चिकित्सक ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जन नायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कालेज मधेपुरा रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान शनिवार की रात करीब 11 बजे उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान प्रवेश ऋषिदेव की पत्नी लक्ष्मी देवी (22) के रूप में हुई है।
स्वजन के अनुसार, मृतका लक्ष्मी देवी की शादी करीब छह माह पूर्व प्रवेश ऋषिदेव के साथ हुई थी। मृतका का मायका मुरलीगंज थाना क्षेत्र के बरियाही वार्ड संख्या तीन में है। घटना के बाद मायके पक्ष के लोगों ने पति पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है।
खाना मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद
स्वजन और स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार दोपहर खाना मांगने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। बताया जाता है कि पति नशे का सेवन करता था और दोनों के बीच पहले भी छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होता रहता था।
शनिवार को खाना मांगने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने लक्ष्मी देवी की बेरहमी से पिटाई कर दी।
मारपीट के दौरान लक्ष्मी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई और बेहोश होकर गिर पड़ी। इसके बाद प्रवेश ने सास को फोन पर मारपीट की जानकारी दी कि लक्ष्मी बेहोश हो गई है, इसे ले जाइए।
पड़ोसी दंपती ने बचाने का किया प्रयास:
मारपीट के बाद बेहोश लक्ष्मी देवी को पड़ोसी अर्जुन ऋषिदेव और उनकी पत्नी मीरा देवी की मदद से स्थानीय चिकित्सक के पास पहुंचाया गया। चिकित्सक ने प्राथमिक जांच के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी।
इसके बाद उसे जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, मधेपुरा में भर्ती कराया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर बनी रही। लक्ष्मी देवी की मौत की सूचना मिलते ही मायके और ससुराल पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम:
घटना की सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष रंजन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रविकांत रजक तथा फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। फोरेंसिक टीम ने भी आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
सिंहेश्वर थाना की पुलिस के द्वारा पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। इसके बाद स्वजन शव लेकर मुरलीगंज थाना क्षेत्र के बरियाही लेकर चले गए।
आरोपित की गिरफ्तारी के लिए की जा रही छापामारी:
थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि मृतका की मां के फर्द बयान के आधार पर पति प्रवेश ऋषिदेव के खिलाफ केस दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू की गई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान को अनुसंधान में शामिल किया जा रहा है।



