CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

मेरठ में महिला डॉक्टर की संदिग्ध मौत से सनसनी, क्लीनिक में फंदे पर मिला शव; जाने पूरा मामला?

 पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में रविवार सुबह 26 वर्षीय महिला चिकित्सक खुशहाली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। उनका शव पल्लवपुरम फेस-दो की सर्विस रोड स्थित क्लीनिक के कमरे में मिला। परिजनों ने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि उनके दोनों हाथ बंधे हुए थे। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है और हत्या व आत्महत्या समेत कई पहलुओं से जांच कर रही है।

क्लीनिक के कमरे में मिला शव-
खुशहाली करीब चार महीने से पल्लवपुरम फेस-दो की सर्विस रोड स्थित आयुर्वेदा एंड नेचुरल सेंटर की पहली मंजिल पर क्लीनिक चला रही थीं। रविवार सुबह करीब 6:15 बजे वह घर से क्लीनिक के लिए निकली थीं। कुछ समय बाद कर्मचारियों ने कमरे में उनका शव मिलने की सूचना परिजनों को दी।

परिजनों के पहुंचने पर मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पल्लवपुरम पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस के मुताबिक, शव पंखे से चुनरी के सहारे लटका मिला था।

परिजनों ने जताई आशंका, दोनों हाथ बंधे होने का दावा-
दिल्ली निवासी खुशहाली के तहेरे भाई अखिल ने दावा किया कि डॉक्टर के दोनों हाथ बंधे हुए थे। इस दावे के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है। पुलिस फिलहाल सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस ने क्लीनिक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है। फुटेज के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि खुशहाली के क्लीनिक पहुंचने के बाद वहां कौन-कौन आया और इसके बाद क्या घटनाक्रम हुआ।

शादी के कुछ समय बाद शुरू हो गया था विवाद-
परिजनों के अनुसार, खुशहाली की शादी 14 जनवरी 2026 को मयंक चौधरी से हुई थी। बताया गया कि दोनों की शादी शादी डॉट कॉम के माध्यम से हुई थी और शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था।

इसी विवाद के चलते खुशहाली कुछ समय से अपने मायके में रह रही थीं। उनके पिता बीएसएफ में दरोगा हैं और वर्तमान में दिल्ली में तैनात हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज-
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज से मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। पुलिस परिजनों और क्लीनिक से जुड़े लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि परिवार के सदस्यों से जानकारी ली जा रही है। घटनास्थल की फोरेंसिक जांच कराई गई है और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply