
अंबाला: शामली एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य के दौरान मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कालपी क्षेत्र के पास पाइलिंग का काम कर रही मशीन ऊपर उठाते समय हाईटेंशन बिजली की लाइन के संपर्क में आ गई। हादसे में एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से झुलस गया।
मशीन के ऊपर उठते ही हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, निर्माण स्थल पर कर्मचारी पाइलिंग मशीन के जरिए काम कर रहे थे। इसी दौरान मशीन का ऊपरी हिस्सा पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की लाइन से टकरा गया।
तार के संपर्क में आते ही मशीन में करंट उतर गया। इसकी चपेट में आने से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके साथी रामलखन को करंट का तेज झटका लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गया।
हादसे के बाद निर्माण स्थल पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। साथी कर्मचारियों ने तुरंत दोनों को संभाला और पुलिस को सूचना दी।
झुलसे कर्मचारी का अस्पताल में इलाज
गंभीर रूप से झुलसे रामलखन को तत्काल कैंट नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतक राजेश के परिजन भी देर रात अस्पताल पहुंचे।
राजेश के भाई उपदेश ने बताया कि राजेश परिवार में तीन छोटे बच्चों को पीछे छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही साहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
साहा थाना प्रभारी धर्मबीर के मुताबिक, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों, निर्माण कार्य के दौरान अपनाई गई सुरक्षा व्यवस्था और अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



