Duster Hybrid Launch: रेनो डस्टर एक बार फिर भारतीय SUV बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में है। कंपनी अब इसका हाइब्रिड वर्जन लॉन्च करने जा रही है। Renault Duster ETech Strong Hybrid को 17 अक्टूबर को भारतीय बाजार में उतारा जाएगा। खास बात यह है कि कंपनी इसे डीजल इंजन के विकल्प के तौर पर पेश करने की तैयारी में है।

रेनो ने इस साल की शुरुआत में नई डस्टर को भारतीय बाजार में दो पेट्रोल इंजन विकल्पों के साथ उतारा था। उस समय कंपनी ने इसके हाइब्रिड वर्जन को भी कन्फर्म किया था। अब आखिरकार इसकी लॉन्च डेट सामने आ गई है।
17 अक्टूबर को होगी लॉन्च
रेनो डस्टर ईटेक स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड की लॉन्चिंग 17 अक्टूबर को होगी। कंपनी ने इसके लिए एक टीजर भी जारी किया है, जिसमें लिखा है ‘Dear Diesel, Thank You for Your Ride, We Will Take It From Here.’ इस संदेश के जरिए रेनो ने साफ संकेत दिया है कि कंपनी डीजल सेगमेंट में हाइब्रिड टेक्नोलॉजी के जरिए जगह बनाने की तैयारी कर रही है। पहली जनरेशन की डस्टर को भारत में लोकप्रिय बनाने में डीजल इंजन की बड़ी भूमिका रही थी। हालांकि, नई डस्टर की वापसी के साथ कंपनी ने डीजल इंजन को अपने लाइनअप से बाहर रखा है।
Duster Hybrid में मिलेगा दमदार हाइब्रिड सेटअप
नई डस्टर हाइब्रिड में 1.8 लीटर 4सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया जाएगा। इसके साथ दो इलेक्ट्रिक मोटर्स और मल्टीमोड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलेगा। यह हाइब्रिड सिस्टम मिलकर करीब 160 HP की पावर और 172 Nm का टॉर्क जनरेट करेगा। SUV में 1.4 kWh का बैटरी पैक दिया जाएगा। रेनो के मुताबिक, शहर में ड्राइविंग के दौरान यह कार काफी समय इलेक्ट्रिक मोड पर चल सकती है। कंपनी का दावा है कि सिटी कंडीशन में करीब 80 फीसदी ड्राइविंग बैटरी पावर पर हो सकती है। हालांकि, वास्तविक आंकड़ा ट्रैफिक, बैटरी चार्ज और ड्राइविंग स्टाइल पर निर्भर करेगा।
चार्जिंग की नहीं होगी जरूरत
यह प्लगइन हाइब्रिड नहीं, बल्कि स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सिस्टम होगा। यानी कार की बैटरी को चार्ज करने के लिए अलग से चार्जिंग स्टेशन पर ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कार जरूरत के हिसाब से पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर के बीच खुद तालमेल बनाएगी। वहीं, रिजनरेटिव ब्रेकिंग के जरिए ब्रेक लगाने या स्पीड कम करने के दौरान ऊर्जा को वापस बैटरी में स्टोर किया जाएगा। हालांकि, डस्टर हाइब्रिड की वास्तविक माइलेज और फ्यूल एफिशिएंसी का पता इसकी लॉन्चिंग के बाद ही चलेगा।
ये भी पढ़ें:
Grand Vitara और Hyryder से होगा मुकाबला
रेनो डस्टर का मुकाबला भारतीय बाजार में Hyundai Creta और Tata Sierra जैसी SUVs से होगा। वहीं, इसके हाइब्रिड वर्जन की सीधी टक्कर Maruti Suzuki Grand Vitara, Maruti Suzuki Victoris और Toyota Urban Cruiser Hyryder जैसी स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड SUVs से होगी। ऐसे में डस्टर हाइब्रिड की सफलता में इसकी कीमत बेहद अहम होगी। अगर कंपनी इसे प्रतिस्पर्धी कीमत पर उतारती है, तो बेहतर माइलेज चाहने वाले ग्राहकों के लिए यह एक नया विकल्प बन सकती है।
कैसी चल रही है Duster की बिक्री?
नई रेनो डस्टर ने साल की शुरुआत में भारतीय बाजार में वापसी की थी। शुरुआत में इसकी बिक्री ने अच्छी रफ्तार पकड़ी, लेकिन बाद के महीनों में इसमें लगातार गिरावट देखने को मिली। मार्च में डस्टर की 1,402 यूनिट्स बिकी थीं। अप्रैल में यह आंकड़ा बढ़कर 2,359 यूनिट्स पहुंच गया। इसके बाद मई में 1,267, जून में 1,011, जुलाई में 512 और अगस्त में सिर्फ 402 यूनिट्स की बिक्री हुई। फिलहाल रेनो डस्टर की कीमत 10.49 लाख रुपये से शुरू होकर 18.69 लाख रुपये तक जाती है। अब कंपनी की नजर हाइब्रिड वर्जन के जरिए बिक्री को फिर से रफ्तार देने पर है।
ये भी पढ़ें:



