India

​भरपेट खाया और इसके बाद ही फिर लगने लगती है भूख? क्या है इसकी वजह

कई बार ऐसा होता है कि पेट भरकर खाना खाने के कुछ देर बाद ही फिर से भूख लगने लगती है. कुछ लोगों को लगातार कुछ न कुछ खाने की इच्छा होती रहती है. इसे सामान्य भूख समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है, लेकिन बारबार ऐसा होना खानपान की आदतों, नींद, तनाव और शरीर में होने वाले कुछ बदलावों से जुड़ा हो सकता है. आखिर भरपेट खाना खाने के बाद भी भूख क्यों लगती है? डॉ. साद अनवर कहते हैं कि अगर भोजन में प्रोटीन और फाइबर की मात्रा कम है, तो पेट जल्दी खाली महसूस हो सकता है.

सिर्फ चावल, रोटी, मिठाई या दूसरी कार्बोहाइड्रेट वाली चीजों पर आधारित भोजन से पेट तो भर जाता है, लेकिन लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस नहीं होता. दाल, पनीर, अंडे, दही, सब्जियां, फल और साबुत अनाज जैसे खाद्य पदार्थ भोजन को ज्यादा संतुलित बनाते हैं.

पर्याप्त पानी न पीना कई बार शरीर में पानी की कमी को भी लोग भूख समझ लेते हैं. अगर खाना खाने के बाद बारबार कुछ खाने का मन करे, तो पहले पानी पीकर कुछ देर इंतजार करना उपयोगी हो सकता है. हालांकि लगातार अत्यधिक प्यास या भूख लगे तो इसके पीछे अन्य कारण भी हो सकते हैं.

नींद पूरी न होना कम नींद का असर भूख को नियंत्रित करने वाले हार्मोन पर पड़ सकता है. पर्याप्त नींद न लेने पर भूख बढ़ाने वाले हार्मोन का स्तर प्रभावित हो सकता है और मीठा या ज्यादा कैलोरी वाला खाना खाने की इच्छा बढ़ सकती है. इसलिए रोजाना पर्याप्त और अच्छी गुणवत्ता वाली नींद जरूरी है.

तनाव और भावनात्मक भूख तनाव, चिंता या बोरियत में कई लोग बिना वास्तविक भूख के भी खाने लगते हैं. इसे इमोशनल ईटिंग कहा जाता है. ऐसे में व्यक्ति को खासतौर पर मीठा, तला या पसंदीदा भोजन खाने की इच्छा ज्यादा हो सकती है. इसलिए यह समझना जरूरी है कि भूख वास्तव में पेट से आ रही है या मन की स्थिति से.

जल्दीजल्दी खाना मस्तिष्क को पेट भरने का संकेत मिलने में कुछ समय लगता है. अगर खाना बहुत तेजी से खाया जाए तो जरूरत से ज्यादा भोजन करने के बावजूद पेट भरा हुआ महसूस नहीं हो सकता. भोजन को धीरेधीरे और अच्छी तरह चबाकर खाना बेहतर आदत है.

कब डॉक्टर से सलाह लें? अगर भरपेट भोजन करने के बाद भी लगातार बहुत ज्यादा भूख लगती है और इसके साथ वजन तेजी से कम या बढ़ रहा है, अत्यधिक प्यास लग रही है, बारबार पेशाब आ रहा है या कमजोरी महसूस होती है, तो डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए.

कुछ मामलों में ब्लड शुगर में गड़बड़ी, थायरॉइड जैसी समस्याएं या कुछ दवाओं का असर भी भूख बढ़ा सकता है. इसलिए हर बार ज्यादा भूख लगने का मतलब यह नहीं कि शरीर को ज्यादा भोजन की जरूरत है. संतुलित भोजन, पर्याप्त पानी, नियमित नींद और तनाव पर नियंत्रण से इस समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply