IndiaPunjabTrending

जालंधर पुलिस और डबल मर्डर आरोपी के बीच मुठभेड़, टांग में गोली लगते ही जमीन पर गिरा; पुलिस ने किया गिरफ्तार

जालंधर : महानगर में एक महीने पहले हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी और पुलिस के बीच बुधवार सुबह मुठभेड़ हो गई। पुलिस घेराबंदी देखकर आरोपी ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई कई राउंड फायरिंग के दौरान एक गोली बदमाश की टांग में जा लगी। पैर से खून बहता देख आरोपी जमीन पर गिरकर दर्द से तड़पने लगा, जिसके बाद सतर्क पुलिस टीम ने तुरंत उसे अपनी गिरफ्त में ले लिया। पुलिस ने आरोपी को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।

जालंधर पुलिस और डबल मर्डर आरोपी के बीच मुठभेड़, टांग में गोली लगते ही जमीन पर गिरा; पुलिस ने किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़ा गया खतरनाक बदमाश गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल के गिरोह से जुड़ा हुआ है।

पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह, डीसीपी मनप्रीत ढिल्लों और एडीसीपी2 राकेश यादव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पकड़ा गया बदमाश ‘गुल्लू’ तिलक नगर में हुए डबल मर्डर केस में लंबे समय से वांछित था। बुधवार सुबह करीब 10:15 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गुल्लू शहर के भीतर ही घूम रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने तुरंत शहर के नाखां वाले बाग क्षेत्र में विशेष नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां पहुंचा। पुलिस कर्मियों ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने रुकने के बजाय नाका तोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा पीछा करने पर आरोपी ने सीधी फायरिंग शुरू कर दी।

बदमाश की ओर से 3 से 4 राउंड गोलियां चलाए जाने के बाद पुलिस की ओर से भी त्वरित जवाबी कार्रवाई करते हुए 4 राउंड फायर किए गए। इसी क्रॉस फायरिंग के दौरान एक गोली गुल्लू के पैर में लगी और वह वहीं ढेर हो गया।

उल्लेखनीय है कि जालंधर वेस्ट के तिलक नगर इलाके में करीब एक महीने पहले सिमरनजीत सिंह और सौरभ की सरेआम गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के समय दोनों पीड़ित अस्पताल जा रहे थे, तभी घात लगाए हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं।

इस वारदात में सिमरनजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि सौरभ ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। जांच में सामने आया है कि वारदात के दिन आरोपी गुल्लू ने अपने साथी के साथ मिलकर पूरे इलाके की रेकी की थी और हत्याकांड को अंजाम दिया था। पुलिस कमिश्नर के अनुसार, इस कत्ल में शामिल उसके दूसरे साथी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply