नई दिल्ली : दिल्ली के निहाल विहार स्थित लक्ष्मी पार्क में सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में पीटपीटकर हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतक के स्वजन ने उसकी पत्नी रेखा और उसके मायके पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का दावा है कि विनय को उसके घर में ही कई लोगों ने बेरहमी से पीटा और उसे बचाने पहुंची उसकी मां को भी कमरे से बाहर कर दिया गया।

विवाद के बाद पत्नी ने मायके वालों को बुलाया
स्वजन के अनुसार, शुक्रवार सुबह विनय और उसकी पत्नी रेखा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद रेखा ने अपने पिता ज्ञान चंद, भाइयों राजकुमार और सोनू, एक भाई की पत्नी समेत कुछ अन्य लोगों को घर बुलाया। उस समय घर में विनय और उसकी मां मौजूद थीं। परिवार के मुताबिक, रेखा के मायके से आए लोग कार से घर पहुंचे और बिना किसी बातचीत के सीधे पहली मंजिल पर स्थित विनय के कमरे में चले गए। विनय नोएडा स्थित एडोबी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करता था। वह अपने मातापिता का इकलौता बेटा था। करीब साढ़े तीन वर्ष पहले उसकी शादी रेखा से हुई थी। दोनों के करीब साढ़े चार माह के जुड़वां बच्चे भी हैं।
चीखपुकार सुनकर कमरे में पहुंची मां
विनय की मां के मुताबिक, कुछ देर बाद उन्हें ऊपर से चीखनेचिल्लाने की आवाज सुनाई दी। उन्हें आशंका हुई कि विनय के साथ मारपीट की जा रही है। आवाज सुनकर वह तुरंत पहली मंजिल पर पहुंचीं। परिवार का आरोप है कि कमरे में कई लोग विनय को घेरकर उसके साथ मारपीट कर रहे थे। विनय की मां ने जब उसे बचाने का प्रयास किया तो कथित तौर पर उन्हें भी रोक दिया गया। स्वजन का आरोप है कि रेखा वहां मौजूद थी और उसने विनय को बचाने के बजाय कथित तौर पर मारपीट करने वालों का साथ दिया।
मां को कमरे से बाहर करने का आरोप
मृतक के परिवार का दावा है कि विनय को बचाने के लिए उसकी मां जब कमरे में पहुंचीं तो रेखा ने उनका हाथ पकड़कर उन्हें बाहर कर दिया। विनय की मां लगातार लोगों से अपने बेटे को छोड़ने की गुहार लगाती रहीं, लेकिन आरोप है कि किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। इसके बाद उन्होंने मदद के लिए पड़ोसियों को आवाज लगानी शुरू कर दी। पड़ोसियों के पहुंचने की आहट सुनते ही कमरे में मौजूद लोग कथित तौर पर वहां से भागने लगे। स्वजन के अनुसार, पकड़े जाने के डर से आरोपी अपनी कार भी मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
मौत की जानकारी पर पत्नी के बयान को लेकर भी आरोप
स्वजन ने आरोप लगाया कि विनय के गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उसकी पत्नी ने समय रहते उसकी मदद नहीं की। परिवार का यह भी दावा है कि विनय की मौत की जानकारी मिलने के बाद रेखा ने घटना को लेकर कथित तौर पर कहा कि सब ड्रामा कर रहे हैं और उसे डराने के लिए झूठ बोला जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पक्षों के बयानों को दर्ज किया जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस के अनुसार, विनय की मौत की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण और चोटों की प्रकृति को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले में नामजद और अन्य संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मेडिकल रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



