कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने वित्त वर्ष 202526 के लिए 8.25% ब्याज EPF खातों में जमा करना शुरू कर दिया है. कई सदस्यों को ब्याज जमा होने का SMS भी मिलने लगा है. अगर आपको अभी तक EPFO की ओर से कोई मैसेज नहीं मिला है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. ब्याज सभी खातों में एक साथ नहीं, बल्कि चरणबद्ध तरीके से जमा किया जाता है. इसलिए आपके खाते में ब्याज दिखने में थोड़ा समय लग सकता है.

SMS का इंतजार करने के बजाय आप खुद भी आसानी से यह जांच सकते हैं कि आपके PF खाते में ब्याज जमा हुआ है या नहीं. इसके लिए EPFO ने कई आधिकारिक सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं.
15 जुलाई से शुरू हुआ ब्याज जमा करने का काम
EPFO ने 15 जुलाई 2026 से वित्त वर्ष 202526 के लिए 8.25% ब्याज खातों में जमा करना शुरू कर दिया है. यह प्रक्रिया अलगअलग बैच में चल रही है. इसलिए अगर अभी बैलेंस अपडेट नहीं दिख रहा है, तो कुछ समय बाद वह आपके खाते में दिखाई देने लगेगा.
1. EPFO पोर्टल पर पासबुक देखकर करें चेक
सबसे आसान तरीका है EPFO के यूनिफाइड मेंबर पोर्टल पर लॉग इन करना.
- ‘Member Passbook’ सेक्शन में जाएं.
- अपना UAN और पासवर्ड डालकर लॉग इन करें.
- यहां आपको शुरुआती और अंतिम बैलेंस, कर्मचारी और नियोक्ता का योगदान, PF ट्रांसफर और ब्याज की पूरी जानकारी दिखाई देगी.
- अगर ब्याज जमा हो चुका होगा, तो वह पासबुक में नजर आएगा.
2. मिस्ड कॉल देकर जानें PF बैलेंस
अगर आपका मोबाइल नंबर UAN से रजिस्टर्ड है, तो आप 01122901406 पर अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से मिस्ड कॉल देकर PF बैलेंस की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.इसके लिए जरूरी है कि आपका आधार, PAN और बैंक खाता UAN से लिंक हो. यह सेवा पूरी तरह मुफ्त है.
3. SMS भेजकर करें बैलेंस चेक
आप 7738299899 पर SMS भेजकर भी अपना PF बैलेंस और आखिरी योगदान की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
इसके लिए मैसेज टाइप करें:
EPFOHO UAN ENG
अगर जानकारी किसी दूसरी भाषा में चाहिए, तो ENG की जगह उस भाषा के पहले तीन अक्षर लिखें. उदाहरण के लिए, मराठी के लिए MAR लिखें.ध्यान रखें कि आपका UAN आधार, PAN और बैंक खाते से लिंक होना चाहिए.
क्या ब्याज देर से मिलने पर नुकसान होगा?
नहीं. अगर आपके खाते में ब्याज देर से जमा होता है, तो भी आपको किसी तरह का नुकसान नहीं होगा.EPF योजना, 1952 के पैराग्राफ 60 के अनुसार, ब्याज की गणना हर महीने के रनिंग बैलेंस के आधार पर की जाती है, भले ही उसे वित्त वर्ष के अंत में खाते में जमा किया जाए.यानी EPFO हर महीने के बैलेंस पर ब्याज जोड़ता है और साल के अंत में उसे खाते में क्रेडिट करता है. इसलिए ब्याज जमा होने में देरी होने पर भी सदस्य को घोषित दर के अनुसार पूरा ब्याज मिलता है.


