हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में जोसेफ विजय ने जीत हासिल की और वहां के मुख्यमंत्री बने। ऐसे में उनके चाहने वाले अभी भी इस जीत का जश्न मना रहे हैं। वहीं, कुछ लोग आंध्र प्रदेश के सुपरस्टार और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण के साथ उनकी तुलना कर रहे हैं और अब इस पर पवन कल्याण ने अपना रिएक्शन भी दिया है।

दरअसल, मंगलागिरी में जन सेना के मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने विजय के सीएम बनने के बारे में बात करते हुए कहा, “जब से तमिलनाडु में चुनाव हुए हैं और वे मुख्यमंत्री बने हैं, लोग मुझ पर दबाव डाल रहे हैं। हमारे पड़ोसी राज्य में एक एक्टर ने एक पार्टी बनाई और मुख्यमंत्री बन गए। तब से बहुत से लोगों ने मुझे मैसेज करके कह रहे हैं कि मुझे भी आंध्र प्रदेश में ऐसा ही करना चाहिए था।”
अपनी बात समझाने के लिए पवन कल्याण ने तेलुगु की एक कहावत का इस्तेमाल करते हुए कहा, “जैसे पड़ोसी की शादी में बेवजह का उत्साह होता है। यह वैसा ही है जैसे छोटे बच्चे इधरउधर दौड़ते रहते हैं, उन्हें पता ही नहीं होता कि यह उनके परिवार की शादी नहीं है। आंध्र प्रदेश में हालात अलग हैं। जैसा कि उन्होंने कहा कि मैंने 2019 का चुनाव लड़ा था। क्या किया? यहां तक कि मंत्रियों ने भी मेरा साथ नहीं दिया। इसलिए, तुलना मत करो।”
चिरंजीवी ने दी थी विजय को बधाई
बता दें कि यह बयान उस समय आया जब एक दिन पहले ही पवन कल्याण के भाई चिरंजीवी ने विजय से फोन पर गर्मजोशी से बात की थी। चिरंजीवी की टीम की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि यह बातचीत बेहद दोस्ताना और सौहार्दपूर्ण रही।
बयान में लिखा था, “इस मौके पर मेगास्टार चिरंजीवी ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद संभालने पर विजय को दिल से बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि विजय जनता के हित में काम करने वाले मुख्यमंत्री साबित होंगे और तमिलनाडु के लोगों के दिलों में हमेशा खास जगह बनाए रखेंगे। साथ ही उन्हें महान नेता एमजीआर की तरह जनता का प्यार और स्नेह भी मिलेगा।”
बयान में आगे बताया गया कि विजय ने भी चिरंजीवी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने हाल ही में फिल्म ‘माना शंकरा वर प्रसाद गारू’ देखी और बड़े पर्दे पर चिरंजीवी को देखकर उन्हें बहुत खुशी हुई। विजय ने ‘जन नायकन’ फिल्म की पायरेसी के मुद्दे पर मिले समर्थन के लिए भी उनका आभार जताया। साथ ही उन्होंने चिरंजीवी की आने वाली फिल्म के लिए शुभकामनाएं दीं, जिसे KVN प्रोडक्शंस बना रहा है।
पवन कल्याण और विजय की पार्टी
पवन कल्याण ने साल 2014 में जन सेना पार्टी की स्थापना की थी। 2024 के लोकसभा और आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनावों में उन्होंने जन सेना, टीडीपी और बीजेपी के बीच गठबंधन कराने में अहम भूमिका निभाई। उनकी पार्टी ने कम सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन शानदार जीत हासिल की। जन सेना ने जिन 21 विधानसभा सीटों और 2 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ा, उन सभी पर जीत दर्ज की। इसके बाद पवन कल्याण आंध्र प्रदेश विधानसभा के सदस्य चुने गए और उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया गया।
वहीं विजय ने पिछले साल फरवरी में अपनी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम शुरू करके राजनीति में कदम रखा। 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी ने 234 में से 108 सीटें जीतीं। इस शानदार प्रदर्शन के बाद विजय पहली बार मुख्यमंत्री बने।



