नई दिल्ली केंद्र सरकार के साथ हुई तीसरे दौर की बातचीत के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने अपना आंदोलन तत्काल वापस ले लिया है। पार्टी ने यह फैसला केंद्र सरकार द्वारा उसकी तीनों मांगों को मान लेने के बाद किया। इसके साथ ही CJP के प्रवक्ताओं ने जंतरमंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों से वापस अपने अपने घर जाने को भी कह दिया है।

‘हम अपील करते हैं कि आप शांतिपूर्वक घर चले जाएं’
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा, ‘सीजेपी के समर्थकों और प्रदर्शनकारियों से अपील करते हैं कि वे शांतिपूर्वक चले जाएं, क्योंकि हमारी जो भी मांगें थीं, वो मान ली गई हैं। आगे की जो भी रणनीति होगी, उससे हम आपको जल्द ही अवगत कराएंगे। हमारा जो डिमांड चार्टर है वो हमने सरकार के प्रतिनिधियों को कल दिया था, और उस डिमांड चार्टर को लेकर अगले चार हफ्तों में सरकार के प्रतिनिधियों से हमारी फिर मुलाकात होगी। मगर अभी हम अपने तमाम हमारे जो भी समर्थक हैं, प्रदर्शनकारी हैं, जो जंतरमंदर के अलावा अलगअलग जगहों पर मौजूद हैं, उनसे हम अनुरोध करते हैं कि वो शांतिपूर्वक वहां से चले जाएँ।’
दिल्ली मेट्रो ने सभी बंद स्टेशनों को जनता के लिए खोला
उधर CJP द्वारा देश भर में जारी आंदोलन को तत्काल प्रभाव से वापस लेने के बाद दिल्ली मेट्रो ने सुबह से बंद अपने सभी 18 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट शनिवार शाम को खोल दिए। इससे पहले सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए DMRC ने इन सभी 18 मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया था। नए अपडेट के साथ ही दिल्ली मेट्रो के लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान और नई दिल्ली स्टेशन को आम जनता के लिए खोल दिया गया। DMRC ने इस बारे में शाम 6.22 बजे बताया कि दिल्ली मेट्रो नेटवर्क पर सभी मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश द्वार खोल दिए गए हैं।



