Hisar Ajab Gajab News: हरियाणा के हिसार से अजीबोगरीब प्रेम प्रसंग का एक ऐसा मामला प्रकाश में आया है, जिसने एक हंसतेखेलते परिवार को सड़क पर लाकर खड़ा कर दिया है. हिसार के गंगवा गांव में रहने वाला 42 वर्षीय विजय अपने 5 बच्चों और पत्नी को बेसहारा छोड़कर अपनी 50 साल की प्रेमिका के साथ रफूचक्कर हो गया है. पीड़ित पत्नी अब अपने बच्चों का पेट पालने के लिए ईरिक्शा चलाने को मजबूर है. यह घटना 20 जून की है, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी जब पति का कोई सुराग नहीं लगा, तो लाचार पत्नी ने पुलिस और मीडिया के सामने अपनी आपबीती बयां की है.

पीड़ित पत्नी माया देवी ने बताया कि उसकी शादी करीब 20 साल पहले विजय के साथ हुई थी. विजय पेशे से ड्राइवर है. पिछले कुछ समय से विजय का व्यवहार काफी बदल गया था. 20 जून को माया देवी को भनक लगी कि उसके पति का किसी दूसरी महिला के साथ चक्कर चल रहा है. जब वह अपने पति की गर्लफ्रेंड के घर ऋषिनगर पहुंची, तो वहां के पड़ोसियों ने बताया कि विजय पिछले कई महीनों से यहां आ रहा है और उस महिला ने आसपास के लोगों को विजय को अपना पति बता रखा था.
बेटे को दी थी जानकारी
चौंकाने वाली बात यह है कि विजय ने यह बात अपने परिवार से भी नहीं छिपाई थी. वह अक्सर अपने बड़े बेटे और अपने भाई को कहता था कि “यह तेरी दूसरी मां है, यह मेरी सेटिंग है.” देवर को पिछले ढाई साल से इस बात की जानकारी थी, लेकिन विजय ने उसे जुबान खोलने पर जान से मारने की धमकी दे रखी थी.
रात 11 बजे घर से भागा पति; प्रेमिका के पहले से हैं दो पति
माया देवी ने जब 20 जून की रात को घर लौटे पति से उस महिला के बारे में पूछताछ की, तो दोनों के बीच विवाद हो गया. इसके बाद विजय रात करीब 11 बजे अपने घर से निकला और अपनी प्रेमिका कमलेश को साथ लेकर फरार हो गया. विजय अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गया है, जबकि उसकी प्रेमिका का फोन लगातार बंद आ रहा है.
माया ने बताया कि जिस महिला कमलेश के साथ उसका पति भागा है, वह पहले ही दो शादियां कर चुकी है. उसका पहला पति मंदबुद्धि है और विजय उसकी जिंदगी में आने वाला तीसरा मर्द है. कमलेश की एक 18 साल की बेटी भी है, जिसे उसने भागने से ठीक पहले हरिद्वार भेज दिया था.
किराए का मकान, 5 बच्चे और ईरिक्शा चलाने की मजबूरी
इस धोखे के बाद माया देवी के सामने आजीविका का बड़ा संकट खड़ा हो गया है. माया के 5 बच्चे हैं, जिनमें 3 बेटियां और 2 बेटे हैं. वह वर्तमान में ढाई हजार रुपये महीने के किराए के मकान में रहती है. पति के भाग जाने के बाद बच्चों के पालनपोषण और घर के खर्च के लिए माया दिनभर हिसार की सड़कों पर ईरिक्शा चलाती है. माया ने रुआंसे मन से कहा कि उसकी मां हमेशा कहती थी कि उसका पति ठीक इंसान नहीं है, उसे छोड़ दे, लेकिन उसने कभी मां की बात नहीं मानी. हालांकि, आज भी वह अपने बच्चों के भविष्य के लिए अपने पति की हर खता माफ कर उसे अपनाने को तैयार है, बशर्ते वह घर लौट आए.
पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
माया देवी का आरोप है कि पति के लापता होने के बाद जब वह न्याय की गुहार लेकर आजाद नगर थाने पहुंची, तो पुलिस ने बेहद संवेदनहीन रवैया अपनाया. माया के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने उसकी शिकायत पर गंभीरता दिखाने के बजाय कह दिया कि “तेरा पति भाग गया तो भाग गया, हम इसमें क्या कर सकते हैं.” पुलिस के इस असहयोगात्मक रवैये के कारण परेशान महिला अब दरदर की ठोकरें खाने को मजबूर है.



