IndiaPunjabTrending

FBI ने पंजाब के गैंगस्टर मेजर सिंह को वांटेड घोषित किया, जग्गू भगवानपुरिया गैंग से कनेक्शन

वॉशिंगटन : अमेरिका की जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन ने पंजाब के गैंगस्टर मेजर सिंह को वांटेड घोषित किया है। FBI के मुताबिक मेजर सिंह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय एक संगठित आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा है और वह पंजाब के गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के गैंग का सदस्य है। बताया गया है कि इस नेटवर्क की गतिविधियां अमेरिका के लॉस एंजिल्स समेत अन्य इलाकों तक फैली हुई हैं।

मेजर सिंह पर RICO एक्ट के तहत आपराधिक साजिश में शामिल होने का आरोप है। इसके अलावा उस पर बिना लाइसेंस हथियारों की खरीदफरोख्त के कारोबार की साजिश और नशीले पदार्थों की सप्लाई व बिक्री की साजिश में शामिल होने के आरोप लगाए गए हैं।

FBI के मुताबिक मेजर सिंह के खिलाफ अमेरिका के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया की संघीय अदालत में मामला दर्ज है। उसके खिलाफ 25 जून 2026 को गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। फिलहाल FBI उसकी तलाश में जुटी है और एजेंसी ने लोगों से उसके बारे में किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर सूचना देने की अपील की है।

FBI के अनुसार मेजर सिंह का संबंध पंजाब में सक्रिय रहे जग्गू भगवानपुरिया के संगठित आपराधिक नेटवर्क से है। जांच एजेंसी का कहना है कि इस नेटवर्क की गतिविधियां बाद में अमेरिका तक फैल गईं। नेटवर्क पर अवैध हथियारों के कारोबार, ड्रग्स तस्करी और अन्य संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं।

FBI की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक मेजर सिंह की जन्मतिथि 20 जुलाई 1997 है और उसकी राष्ट्रीयता भारतीय बताई गई है। उसका कद करीब 5 फीट 8 इंच और वजन लगभग 182 पाउंड बताया गया है। उसके बाल और आंखों का रंग काला है। FBI ने यह जानकारी उसकी पहचान करने और गिरफ्तारी में मदद के उद्देश्य से सार्वजनिक की है। एजेंसी ने लोगों से मेजर सिंह के बारे में कोई जानकारी होने पर FBI को सूचना देने की अपील की है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply