अगर आप फिक्स्ड डिपॉजिट में निवेश करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. भारतीय रिजर्व बैंक ने बैंकों में जमा राशि पर मिलने वाले ब्याज और उससे जुड़े नियमों में बड़े बदलाव किए हैं. ये नए नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे. हालांकि, इन बदलावों का मतलब यह नहीं है कि 1 अक्टूबर से FD पर मिलने वाला ब्याज अचानक बढ़ जाएगा या घट जाएगा. लेकिन नए नियमों के बाद ग्राहकों के लिए ब्याज दरों की जानकारी पहले से ज्यादा साफ और पारदर्शी होगी. साथ ही, सभी शाखाओं में एक जैसी FD पर एक ही ब्याज दर मिलेगी.

FD निवेशकों के लिए क्या बदलेगा?
RBI के नए नियमों के मुताबिक, अगर कोई ग्राहक किसी बैंक की अलगअलग शाखाओं में एक ही दिन और समान राशि की FD कराता है, तो उसे हर शाखा में एक जैसी ब्याज दर मिलेगी. यानी अब बैंक की अलगअलग शाखाएं एक ही तरह की FD पर अलगअलग ब्याज दर नहीं दे सकेंगी. इससे ग्राहकों के साथ भेदभाव की संभावना कम होगी और उन्हें सही ब्याज दर का फायदा मिलेगा.
ब्याज दरों की जानकारी होगी ज्यादा पारदर्शी
नए नियमों के तहत सभी बैंकों को अपनी FD और अन्य जमा योजनाओं की ब्याज दरें पहले से अपनी वेबसाइट पर जारी करनी होंगी. बैंक उसी ब्याज दर के आधार पर ग्राहकों को भुगतान करेंगे, जो उनकी वेबसाइट पर प्रकाशित होगी. इससे ग्राहकों को निवेश से पहले अलगअलग बैंकों की ब्याज दरों की तुलना करने में आसानी होगी.
बल्क डिपॉजिट के नियमों में भी बदलाव
RBI ने बड़ी रकम वाले बल्क डिपॉजिट के लिए भी नियमों में बदलाव किया है. अब बैंक अपनी जरूरत और बाजार की स्थिति को देखते हुए बड़ी जमा राशि पर अलगअलग ब्याज दर तय कर सकेंगे. यह सुविधा गैरनिवासी भारतीयों के रुपये वाले बड़े डिपॉजिट पर भी लागू होगी. इसका मकसद बैंकों को फंड जुटाने में अधिक लचीलापन देना है.
क्या 1 अक्टूबर से FD का ब्याज बदल जाएगा?
इस सवाल का जवाब नहीं है. RBI ने कहीं भी यह नहीं कहा है कि 1 अक्टूबर से FD की ब्याज दरें बढ़ेंगी या घटेंगी. ब्याज दरें पहले की तरह बैंक ही तय करेंगे. बैंक अपनी नकदी की जरूरत, बाजार की स्थिति, फंड जुटाने की लागत और अन्य आर्थिक परिस्थितियों के आधार पर FD की ब्याज दर तय करते रहेंगे. यानी नए नियमों का मुख्य उद्देश्य ब्याज दरों में बदलाव करना नहीं, बल्कि उन्हें ज्यादा पारदर्शी और समान बनाना है.
किसकिस बैंक पर लागू होंगे नए नियम?
RBI के ये नए नियम देश के लगभग सभी प्रमुख बैंकिंग संस्थानों पर लागू होंगे. इनमें कमर्शियल बैंक, स्मॉल फाइनेंस बैंक, रीजनल रूरल बैंक , लोकल एरिया बैंक, पेमेंट बैंक और अर्बन कोऑपरेटिव बैंक शामिल हैं. इससे देशभर के करोड़ों बैंक ग्राहकों को फायदा मिलने की उम्मीद है.


