दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज बाइनेंस ने संभावित साइबर हमले को लेकर सुरक्षा जांच शुरू की है. इस घटना के बाद बाइनेंस और अन्य क्रिप्टो कंपनियों ने करीब 2.54 अरब डॉलर की डिजिटल संपत्ति फ्रीज कर दी है. हालांकि, कंपनी ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि यूजर्स के फंड की चोरी हुई है या नहीं. इस मामले में स्टेबलकॉइन जारी करने वाली कंपनियों टेथर और सर्कल ने भी कार्रवाई की है. टेथर ने करीब 1.5 अरब डॉलर से अधिक और सर्कल ने 80 करोड़ डॉलर से ज्यादा की संबंधित संपत्ति फ्रीज की है. बाइनेंस ने सुरक्षा जांच के दौरान डिपॉजिट और विड्रॉल की सुविधा अस्थायी रूप से रोक दी है.

सुरक्षा संबंधी खबर सामने आने के बाद क्रिप्टो बाजार में गिरावट देखी गई. बिटकॉइन की कीमत छह सप्ताह के निचले स्तर तक पहुंच गई, जबकि बाइनेंस के टोकन BNB में भी तेज गिरावट आई. बाइनेंस का कहना है कि यूजर्स के फंड सुरक्षित हैं और कंपनी जांच एजेंसियों तथा अन्य क्रिप्टो कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रही है. फिलहाल इस मामले में साइबर हमले की आशंका की जांच जारी है. नुकसान की वास्तविक राशि और घटना के पीछे की वजह को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.
क्या है पूरा मामला?
बाइनेंस ने 29 अक्टूबर को संभावित सुरक्षा गड़बड़ी की जानकारी दी. कंपनी के फाउंडर चांगपेंग झाओ ने भी इस घटना को संभावित हैक बताया. हालांकि, कंपनी ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि साइबर हमले का तरीका क्या था और इससे कितना नुकसान हुआ. बाइनेंस के मुताबिक, उसकी सुरक्षा टीम मामले की जांच कर रही है. कंपनी कानून प्रवर्तन एजेंसियों और दूसरी क्रिप्टो कंपनियों के साथ मिलकर संदिग्ध ट्रांजैक्शन की पहचान करने और संबंधित संपत्तियों को फ्रीज करने पर काम कर रही है.
2.54 अरब डॉलर की क्रिप्टो संपत्ति क्यों की गई फ्रीज?
इस मामले में बाइनेंस के साथ कई अन्य कंपनियों ने भी संदिग्ध लेनदेन से जुड़ी डिजिटल संपत्तियों को फ्रीज किया है. इनमें स्टेबलकॉइन जारी करने वाली कंपनियां टेथर और सर्कल भी शामिल हैं. टेथर कंपनी ने करीब 1.57 अरब डॉलर की संबंधित संपत्ति फ्रीज की है. वहीं सर्कल ने 80 करोड़ डॉलर से अधिक की संपत्ति फ्रीज की. अन्य दूसरी क्रिप्टो कंपनियों ने ने भी संदिग्ध फंड को रोकने और उनकी पहचान करने में मदद की. बाइनेंस के अनुसार, फ्रीज की गई संपत्ति का कुल सत्यापित मूल्य 2.54 अरब डॉलर तक पहुंच गया था. जांच आगे बढ़ने के साथ यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है.
क्या बाइनेंस के ग्राहकों का पैसा सुरक्षित है?
इस घटना के बाद ग्राहकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या उनका पैसा सुरक्षित है. बाइनेंस ने कहा है कि यूजर्स के फंड पूरी तरह सुरक्षित हैं. कंपनी ने यह भी बताया कि सुरक्षा जांच के दौरान उसने जमा और निकासी की सुविधाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया है. हालांकि, जब तक जांच पूरी नहीं होती और घटना से जुड़ी सभी जानकारियां सामने नहीं आतीं, तब तक नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं है. यह भी समझना जरूरी है कि 2.54 अरब डॉलर की संपत्ति फ्रीज होने का मतलब यह नहीं है कि इतनी ही रकम चोरी हुई है. फ्रीज की गई रकम वह संपत्ति है, जिसे आगे ट्रांसफर होने से रोकने के लिए कार्रवाई की गई है.
साइबर हमले की खबर से क्रिप्टो बाजार में गिरावट
बाइनेंस से जुड़ी सुरक्षा खबर का असर प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी की कीमतों पर भी देखने को मिला. बिटकॉइन की कीमत गिरकर 77,646 डॉलर के छह सप्ताह के निचले स्तर तक पहुंच गई. ईथर की कीमत 2,238.76 डॉलर के दो महीने के निचले स्तर पर आ गई. BNB यानी बाइनेंस के इस टोकन में 24 घंटे के दौरान 8% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई और कीमत करीब 694 डॉलर तक पहुंच गई. ये आंकड़े घटना के बाद बाजार में आई शुरुआती गिरावट को दिखाते हैं. क्रिप्टोकरेंसी की कीमतों में उतारचढ़ाव तेजी से होता है, इसलिए इन स्तरों को मौजूदा कीमत नहीं माना जाना चाहिए.



