Hyderabad News: हैदराबाद के नामपल्ली रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम हैदराबादजयपुर स्पेशल एक्सप्रेस के दो थर्ड AC कोचों में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई. ट्रेन के निर्धारित समय से रवाना होने से कुछ ही देर पहले इस घटना हुई. राहत की बात यह रही कि कोई यात्री इस हादसे में हताहत नहीं हुआ. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन के थ्री टियर AC कोच के B1 और B2 डिब्बे में शाम 7 बजे जयपुर के लिए निर्धारित प्रस्थान से कुछ ही समय पहले आग लग गई. रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच शुरू की जा रही है.

रवाना होने से पहले लगी आग
जानकारी के अनुसार, हैदराबादजयपुर स्पेशल ट्रेन शुक्रवार शाम 7:50 बजे जयपुर के लिए रवाना होने वाली थी. इससे पहले करीब 6:30 बजे ट्रेन के थर्ड एसी कोच बी2 में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने बी1 सहित अन्य हिस्सों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया.
यात्रियों में मची अफरातफरी
कोच से धुआं और आग की लपटें उठती देख यात्रियों में हड़कंप मच गया. कई यात्री तुरंत ट्रेन से उतर गए और प्लेटफॉर्म से सुरक्षित स्थानों की ओर भागे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ यात्रियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से खिड़कियों के शीशे तोड़े और आग बुझाने का प्रयास किया.
यात्रियों ने भी बुझाई आग
घटना के दौरान दो यात्रियों ने स्टेशन पर उपलब्ध पानी की पाइपों का उपयोग कर आग पर काबू पाने की कोशिश की. इसी बीच सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया. दमकल कर्मियों ने कुछ ही समय में आग पर नियंत्रण पा लिया. चूंकि ट्रेन रवाना होने से पहले प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी और कोचों में यात्रियों की संख्या कम थी, इसलिए किसी तरह की जनहानि नहीं हुई.
शॉर्ट सर्किट की आशंका
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है. हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने प्रभावित कोचों का निरीक्षण किया और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. साथ ही यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है.



