CrimeIndiaUttar Pradesh

फिरोजाबाद: घरेलू विवाद: में पति ने पत्नी और युवक पर चलाई गोलियां, मौके से गिरफ्तार.

फिरोजाबाद: घरेलू विवाद: में पति ने पत्नी और युवक पर चलाई गोलियां, मौके से गिरफ्तार.

फिरोजाबाद: कोटला चुंगी चौराहे के पास मंगलवार रात घरेलू विवाद के चलते सनसनीखेज फायरिंग की घटना सामने आई। आरोप है कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और एक युवक पर लाइसेंसी रिवाल्वर से कई गोलियां चला दीं। दोनों को गोली लगने से वे घायल हो गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसके पास से रिवाल्वर बरामद कर ली।

घटना रात करीब पौने 10 बजे की बताई जा रही है। फायरिंग की आवाज सुनते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी पत्नी और युवक के पीछे भी दौड़ा और फायरिंग करता रहा।

पत्नी को तीन, युवक को दो गोलियां लगीं

घटना में महिला और युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। महिला को कंधे, पेट और पसली के पास गोली लगी, जबकि युवक के सीने और पसली के नीचे गोली लगी है। दोनों को तत्काल सरकारी ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। युवक की हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया।

पुलिस ने घटनास्थल से लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद की है। मामले की जांच के लिए पुलिस अधिकारियों और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया।

दो साल से चल रहा था पति-पत्नी में विवाद

पुलिस के अनुसार, आरोपी पति और उसकी पत्नी के बीच करीब दो साल से घरेलू विवाद चल रहा था। विवाद के कारण महिला अपने मायके में रह रही थी। मंगलवार रात वह रिश्तेदारी में एक महिला के घर पहुंची थी।

इसी दौरान वहां किराए की दुकान में इंटरनेट सेवा का काम करने वाला युवक भी मौजूद था। आरोप है कि तभी महिला का पति रिवाल्वर लेकर वहां पहुंचा और दोनों पर फायरिंग शुरू कर दी।

महिला और युवक जान बचाने के लिए वहां से भागे, लेकिन आरोपी उनके पीछे भी फायरिंग करता रहा। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।

शक और पारिवारिक विवाद का एंगल

महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति से विवाद चल रहा था और इसी सिलसिले में ससुराल पक्ष के लोगों से बातचीत करने के लिए उसे रिश्तेदार के घर बुलाया गया था। इसी दौरान पति वहां पहुंच गया और फायरिंग कर दी।

वहीं, महिला के भाई ने आरोप लगाया कि पति के किसी अन्य महिला से संबंध होने को लेकर भी दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस फिलहाल पति-पत्नी के विवाद, महिला और युवक के बीच संबंध तथा फायरिंग की वास्तविक वजह समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply