मध्य प्रदेश के इंदौर में एक पतिपत्नी का विवाद पहले मुकदमेबाजी और अब ब्लैकमेलिंग तक पहुंच गया है. पहले पत्नी ने पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मुकदमा दर्ज कराया, अब पति ने पत्नी और ससुर पर यह मुकदमा वापस लेने के लिए 50 लाख रुपए मांगने का आरोप लगाए हैं. कहा कि इससे पहले वह अपनी पत्नी को 15 लाख रुपये दे भी चुके हैं. इंदौर की हीरानगर थाना पुलिस ने पीड़ित पति की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के मुताबिक हीरानगर थाना क्षेत्र में रहने वाले फरियादी वाकुल विजयवर्गीय ने शिकायत दी है. बताया कि तीन साल पहले वर्ष 2023 में उनकी शादी यशस्वी विजयवर्गीय के साथ हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गए थे. इसके बाद उनकी पत्नी ने परदेशी पुरा थाने में पति वाकुल के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज करा दिया था. इस मामले की सुनवाई चल ही रही थी कि पत्नी ने उन्हें ब्लैकमेल कर पहले 15 लाख रुपये लिए और 50 लाख रुपयों की डिमांड कर दी है.
पत्नी और ससुर के खिलाफ नामजद तहरीर
पीड़ित पति वाकुल विजयवर्गीय ने हीरानगर थाना पुलिस को अपनी पत्नी यशस्वी और उसके पिता संजय विजयवर्गीय के खिलाफ नामजद तहरीर दी है. आरोप लगाया कि दहेज प्रताड़ना का मामला खत्म करने के नाम पर उससे 50 लाख रुपए की मांग की गई है. पीड़ित के मुताबिक इससे पहले आरोपी पत्नी उनसे 15 लाख रुपए वसूल चुकी है. यही नहीं, आरोपियों द्वारा उनकी एक महिला मित्र के साथ एडिटेड फोटो तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल किए गए हैं. इससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है.
एक्शन में आई पुलिस
पीड़ित पति की शिकायत के आधार पर हीरानगर पुलिस ने यशस्वी विजयवर्गीय और उसके पिता संजय विजयवर्गीय के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज किया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. इस दौरान कथित रकम के लेनदेन, सोशल मीडिया पर वायरल फोटो और पहले दर्ज दहेज प्रताड़ना के मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.



