कर्नाटक के हावेरी जिले में अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने आए एक युवक और उसके दोस्त की लड़की के घर वालों ने बुरी तरह पिटाई की है. इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ है. मामला हावेरी में रत्तीहल्ली तालुक के बत्थिकोप्पा गांव का है. इस अमानवीय घटना 27 अक्टूबर की है. जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के मुताबिक रत्तीहल्ली गांव के रहने वाले प्रमोद और बत्थिकोप्पा गांव की रहने वाली भावना के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों शादी करने वाले थे. कुछ दिन पहले दोनों घर से भाग भी गए थे और अपनी शादी का रजिस्ट्रेशन कराने पहुंच गए थे. हालांकि उस समय भावना के मातापिता ने उन्हें यह कहते हुए मना लिया कि दोनों की शादी धूमधाम से कराएंगे. लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
भावना ने प्रेमी को बुलाया
घर लौटने के बाद भी जब उसकी शादी की कोई बात नहीं बनी तो भावना ने पत्र लिखकर अपने प्रेमी को तैयार किया और अपने घर बुलाया. पत्र पाते ही प्रेमी प्रमोद भी अपने मित्रों प्रकाश और परशुराम के साथ बत्तिकोप्पा गांव पहुंच गया. जब उसने भावना को अपने साथ ले जाने की कोशिश की, तो युवती के परिवारवालों ने उन तीनों को पकड़ लिया. फिर उन्हें अर्द्धनग्न कर खंभे से बांध दिया. इसके बाद बेरहमी से पिटाई की.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस को देखकर वहां मौजूद भीड़ में अफरातफरी मच गई. सभी लोग भाग गए. इसके बाद पुलिस ने प्रमोद, प्रकाश और परशुराम को रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया है. इन्हें गंभीर चोटें आई हैं. इनके परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने लड़की के परिवार वालों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.



