
रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में लूटपाट के दौरान एक व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, चार नाबालिगों समेत पांच आरोपियों ने सड़क किनारे सो रहे एक व्यक्ति की जेब से पैसे निकालने की कोशिश की। व्यक्ति के जागने और विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है।
बस स्टैंड के पास मिला अज्ञात व्यक्ति का शव
घटना जूटमिल थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास की है। शनिवार को पुलिस को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच की। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी। मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष बताई गई है। खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।
सीसीटीवी और मुखबिरों से मिला सुराग
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की और मुखबिरों की मदद से संदिग्धों का पता लगाने की कोशिश की। जांच के दौरान पुलिस ने मिट्ठूमुड़ा, बजरंगपारा और सांगीतराई इलाके में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान 19 वर्षीय राजेश्वर सारथी उर्फ समारू और चार नाबालिगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से कथित वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू, खून से सने कपड़े और बाइक जब्त की गई है।
पूछताछ में सामने आई लूट की वजह
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी थे और पैसे जुटाने के लिए चोरी तथा लूटपाट करते थे। वे कथित तौर पर रात के समय बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य जगहों पर अकेले मौजूद लोगों को निशाना बनाते थे।
आरोप है कि शुक्रवार देर रात सभी आरोपी एक साथ थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने बिरयानी खाने की इच्छा जताई और पैसे जुटाने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड की ओर पहुंचे। वहां उन्हें सड़क किनारे सोता हुआ एक व्यक्ति दिखाई दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने व्यक्ति की जेब से पैसे निकालने और मोबाइल चुराने की कोशिश की। व्यक्ति के जागकर विरोध करने पर कथित तौर पर उस पर चाकू से कई वार किए गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोप है



