Ketan Agarwal Murder Case: पुणे की सिया गोयल के इंस्टाग्राम अकाउंट को देखकर कोई भी कह सकता था कि वह अपने मंगेतर केतन अग्रवाल से बेपनाह मोहब्बत करती है. हर पोस्ट में फूल, हग्स, रोमांटिक डांस और शादी की तैयारियां दिख रही थीं. लेकिन यह सब एक खौफनाक मर्डर की स्क्रिप्ट का हिस्सा था. सिया ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर केतन को लोहगढ़ किले की खाई में धकेल कर मौत के घाट उतार दिया.

पुणे की रहने वाली सिया गोयल का इंस्टाग्राम अकाउंट पिछले कुछ महीनों से खुशियों से भरा हुआ था. फरवरी में केतन विशाल अग्रवाल के साथ उसकी सगाई हुई थी. सिया ने अपनी हर पोस्ट में केतन के साथ रोमांटिक तस्वीरें शेयर की थीं. एक पोस्ट में केतन उसे फूल दे रहा था तो दूसरी रील में दोनों एक रोमांटिक गाने पर डांस कर रहे थे. सिया ने मंगेतर के साथ केक काटते हुए लिखा था कि आखिरकार उसके दिल को अपना घर मिल गया है. लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि जिस मंगेतर को वह दुनिया के सामने अपना प्यार बता रही थी, उसे ही वो मौत के मुंह में धकेलने वाली है. सिया के जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले केतन की लाश पुणे के लोहगढ़ किले के पास एक गहरी खाई में मिली.
लोहगढ़ किले में ऐसे दिया वारदात को अंजाम
शुरुआत में सिया ने पुलिस को गुमराह करने की पूरी कोशिश की. उसने लोनावला पुलिस को बताया कि वे दोनों किले पर घूम रहे थे और तेज हवा के कारण केतन का पैर फिसल गया. पुलिस ने पहले इसे एक हादसा माना और रिपोर्ट दर्ज कर ली. लेकिन पुलिस को सिया के चेहरे पर मंगेतर की मौत का कोई दुख नहीं दिखा. उसका यह अजीब बर्ताव देखकर पुलिस को शक हुआ और जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो सच सामने आ गया.
सिया अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को रास्ते से हटाना चाहती थी. सिया एक बेकरी चलाती थी और चेतन का ड्राई फ्रूट का बिजनेस था. दोनों पिछले साल एक बिजनेस मीटिंग में मिले थे और प्यार में पड़ गए थे. चेतन को सिया और केतन की शादी मंजूर नहीं थी इसलिए दोनों ने मिलकर मर्डर का प्लान बनाया.
2 हजार से ज्यादा कॉल्स और मर्डर का सीक्रेट प्लान
पुलिस की जांच में सामने आया कि सिया और चेतन पिछले 7 महीनों से एकदूसरे के संपर्क में थे. इस दौरान दोनों के बीच 2,004 बार फोन पर बात हुई थी जो करीब 238 घंटे बनती है. जब केतन और सिया के परिवार शादी की बात आगे बढ़ा रहे थे, तब ये दोनों मर्डर की प्लानिंग कर रहे थे. मर्डर वाले दिन सिया बहाने से केतन को लोहगढ़ किले पर ले गई. वहां उसका प्रेमी चेतन हुडी पहनकर उनके पीछेपीछे चल रहा था ताकि सीसीटीवी में उसकी पहचान न हो सके. जैसे ही मौका मिला, सिया और चेतन ने मिलकर केतन को पीछे से गहरी खाई में धक्का दे दिया.
बाली ट्रिप का सस्पेंस और सांप का नाटक
केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने बताया कि मर्डर से कुछ दिन पहले केतन और सिया प्रीवेडिंग फोटोशूट के लिए बाली जाने वाले थे. मुंबई एयरपोर्ट पहुंचने पर पता चला कि सिर्फ केतन का पासपोर्ट गायब है. पिता का आरोप है कि गाड़ी में रुकने के दौरान सिया मोबाइल भूलने का नाटक करके वापस कार में गई थी और उसने ही पासपोर्ट चुराया ताकि ट्रिप कैंसिल हो जाए. इसके बाद 14 जून को भी सिया ने केतन को किले से धकेलने की कोशिश की थी, लेकिन केतन ने एक झाड़ी पकड़ ली और बच गया. तब सिया ने खुद को बचाने के लिए वहां सांप होने का झूठा नाटक किया और केतन को गले लगा लिया. आखिरकार 18 जून को उन्होंने केतन की जान ले ही ली.
17 करोड़ की शादी का दर्दनाक अंत
केतन महाराष्ट्र के एक बड़े बिजनेसमैन का बेटा था. दोनों परिवारों ने जयपुर में 17 करोड़ रुपये में एक आलीशान पैलेस बुक किया था. मेहमानों को लाने के लिए दो प्राइवेट जेट का इंतजाम भी हो चुका था. दोनों परिवार इस आलीशान शादी को लेकर बेहद खुश थे, लेकिन सिया के इस कदम ने सब कुछ तबाह कर दिया. फिलहाल पुलिस ने सिया और उसके प्रेमी चेतन को गिरफ्तार कर लिया है और कोर्ट ने उन्हें सात दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है.



