पटना के शास्त्री नगर में खटाल संचालक शिव कुमार यादव के बेटे दीपक ने अपने जहनाबाद निवासी ससुर के साथ मिलकर पिता की हत्या का प्लान बनाया था। 5 करोड़ रुपये की जमीन के लिए बेटे ने पिता पर गोली चलवाई। गनीमत रही कि पिता की जान बच गई थी।

बिहार की राजधानी पटना से बाप-बेटे के रिश्ते को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शास्त्री नगर थाना क्षेत्र निवासी खटाल संचालक शिव कुमार यादव की हत्या की साजिश उसके बेटे ने ही रची थी। लगभग 5 करोड़ रुपये की जमीन के लिए बेटे ने अपने ससुर के साथ मिलकर पिता पर गोली चलवाई। हालांकि, इस घटना में पिता की जान बच गई थी।
इस मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने खटाल संचालक के बेटे दीपक कुमार, समधी मिथिलेश यादव और मिथिलेश के रिश्तेदार नरेश यादव तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।आरोपियों की निशानदेही पर दो कट्टा, तीन कारतूस, वारदात में प्रयुक्त बाइक, एक खोखा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। घटना में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
पटना मध्य सिटी एसपी दीक्षा ने शनिवार को बताया कि पिछले महीने 14 मार्च की रात खटाल संचालक शिव कुमार यादव एजी कॉलोनी स्थित अपने खटाल में सो रहे थे। इसी दौरान उन पर फायरिंग कर हमला किया गया था। जख्मी हालत में उन्हें पीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया। समय पर सही इलाज मिलने से उनकी जान बच गई थी।
जहानाबाद से पकड़ा गया ससुर
इस संबंध में शिव कुमार यादव के बयान पर शास्त्री नगर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया था। पीड़ित ने इस घटना में अपने बेटे के शामिल होने का शक जताया। उधर, इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सचिवालय डीएसपी-2 साकेत कुमार के नेतृत्व में शास्त्री नगर थानेदार रवींद्र कुमार की टीम बनाई गई।
जांच में पता चला कि घटना में खटाल संचालक के बेटे दीपक कुमार का हाथ है। इसके बाद पुलिस ने शुक्रवार को दीपक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपने ससुर मिथिलेश यादव और उसके रिश्तेदारों की संलिप्तता की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने जहानाबाद के मखदुमपुर में छापेमारी कर मिथिलेश यादव और उसके रिश्तेदार नरेश यादव को धर दबोचा।
मिथिलेश की निशानदेही पर जहानाबाद के सत्तू बिगहा गांव से घटना में प्रयुक्त हथियार और कारतूस इत्यादि बरामद किया गया। पुलिस पूछताछ में पता चला कि करीब 5 करोड़ रुपये कीमत की जमीन के विवाद में घटना को अंजाम दिया गया था।



