TrendingUttar Pradesh

देश की सबसे बड़ी रामलीला में पहली बार… फिल्मी कलाकारों के साथ 3 साल के बच्चे करेंगे अभिनय, दिल्ली में दिखेगा भव्य राममंच

लखनऊ, अमृत विचार: अयोध्या की चर्चित फिल्मी कलाकारों वाली रामलीला इस वर्ष पहली बार दिल्ली में अपना आठवां संस्करण प्रस्तुत करेगी। 10 से 20 अक्टूबर तक नई दिल्ली के रफी मार्ग स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब के मावलंकर हॉल में होने वाली रामलीला में पहली बार तीन वर्ष से 16 वर्ष तक के बाल कलाकार सुबह के सत्र में अभिनय करेंगे। वहीं शाम को 60 से अधिक फिल्मी कलाकार रामकथा के विभिन्न प्रसंगों को मंच पर जीवंत करेंगे। इसके बाद जनवरी 2027 में अयोध्या में रामलीला का नौवां संस्करण आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल से कोरोना काल में शुरू हुई यह रामलीला अब देशदुनिया में अपनी पहचान बना चुकी है। आयोजकों के अनुसार पिछले वर्ष इसकी प्रस्तुति को 62 करोड़ से अधिक दर्शकों ने देखा। इस वर्ष 80 से अधिक सैटेलाइट चैनलों के माध्यम से 40 भाषाओं में इसका प्रसारण किया जाएगा और 60 से अधिक देशों तक रामभक्ति का संदेश पहुंचाने की तैयारी है। दिल्ली में 10 से 20 अक्टूबर तक होने वाले आयोजन में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक तीन से 16 वर्ष के बाल कलाकार अभिनय करेंगे। शाम सात से रात 10 बजे तक फिल्मी कलाकार प्रस्तुति देंगे। शाम चार से रात 11 बजे तक आयोजन स्थल पर मेले का भी आयोजन होगा। हॉल में करीब 600 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है, जबकि मंच पर 120 फीट लंबी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी।

आयोजकों के मुताबिक इतनी कम उम्र के बच्चों को लेकर रामलीला का आयोजन पहली बार किया जा रहा है। इसमें भगवान श्रीराम के बाल स्वरूप को विशेष रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। बच्चों के अभिनय के साथ विशाल एलईडी स्क्रीन और बहुभाषी प्रसारण इसे तकनीकी रूप से भी विशेष बनाएंगे। संस्थापक सुभाष मलिक और शुभम मलिक के नेतृत्व में कलाकार दिल्ली और मुंबई में रिहर्सल कर रहे हैं।

पहली बार राम के रूप में नजर आएंगे रवि किशन

इस बार गोरखपुर के सांसद और अभिनेता रवि किशन पहली बार भगवान श्रीराम की भूमिका में दिखाई देंगे। वह 19 अक्टूबर को राम का किरदार निभाएंगे। इससे पहले वह इसी रामलीला में केवट, भगवान परशुराम और भरत की भूमिका निभा चुके हैं। रामलीला में रावण की भूमिका अरुण बख्शी, भगवान शिव की भूमिका बिंदु दारा सिंह, भगवान परशुराम की भूमिका पुनीत इस्सर, अहिरावण की भूमिका रजा मुराद और मेघनाद की भूमिका अवतार गिल निभाएंगे। कुल मिलाकर 60 से अधिक फिल्मी सितारे विभिन्न पात्रों का अभिनय करेंगे।

जनवरी में अयोध्या में होगा नौवां संस्करण

रामलीला का नौवां संस्करण 15 से 25 जनवरी 2027 तक अयोध्या में आयोजित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार अयोध्या में अब तक इसके सात संस्करण सफलतापूर्वक आयोजित हो चुके हैं। कोरोना काल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अनुमति और पहल से शुरू हुई यह रामलीला अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुकी है। आयोजक सुभाष मलिक के अनुसार इस वर्ष भी 80 से अधिक सैटेलाइट चैनलों पर 40 भाषाओं में प्रसारण की तैयारी है। 60 से अधिक देशों में रामकथा का संदेश पहुंचाने का लक्ष्य है। दिल्ली में पहली बार होने वाला आयोजन राजधानी के लोगों को अयोध्या की रामलीला की भव्यता का अनुभव कराएगा। बाल कलाकारों की प्रस्तुति और मेले से पूरा आयोजन राममय वातावरण में बदलने की उम्मीद है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply