जर्मनी के दूसरी वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने 7 जून को खेले गए फ्रेंच ओपन के फाइनल में 14वीं वरीयता प्राप्त फ्लावियो कोबोली को हराकर अपना पहला ग्रैंडस्लैम अपने नाम किया। ज्वेरेव ने फाइनल में कोबोली को 61, 46, 64, 67 और 61 से हराते हुए खिताब पर कब्जा किया। ज्वेरेव इससे पहले ऑस्ट्रेलियन ओपन और US ओपन में उपविजेता रहे थे। यह ज्वेरेव के करियर का दूसरा फ्रेंच ओपन फाइनल था, यहां वह जीत दर्ज करने में कमायाब रहे।

फ्लेवियो कोबोली से पहले सेट में हुई काफी गलतियां
मैच के पहले सेट में इटली के युवा खिलाड़ी फ्लेवियो कोबोली काफी कमजोर दिखे और उन्होंने लगातार कई गलतियां कीं, जिसका फायदा अलेक्जेंडर ज्वेरेव को मिला। हालांकि, कोबोली ने हार नहीं मानी और शानदार वापसी करते हुए दूसरा सेट 64 से अपने नाम कर लिया। इसके बाद वह तीसरा सेट हार गए, लेकिन चौथे सेट में उन्होंने जबरदस्त टक्कर दी और मुकाबला टाईब्रेक में जीतकर मैच को रोमांचक बनाए रखा। हालांकि पांचवें सेट में ज्वेरेव ने शुरुआत से ही कोबोली पर दबदबा बनाए रखा। पांचवां सेट ज्वेरेव ने 61 के अंतर से अपने नाम कर इतिहास रच दिया।
तीन बार ग्रैंड स्लैम का फाइनल हार चुके थे ज्वेरेव
फ्रेंच ओपन 2026 जीतने से पहले अलेक्जेंडर ज्वेरेव तीन बार ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचने में कामयाब रहे थे लेकिन वहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। सबसे पहले वह 2020 में US ओपन का फाइनल डोमिनिक थिएम से 5 सेटों के कड़े मुकाबले में हारे। इसके बाद 2024 के फ्रेंच ओपन फाइनल में उन्हें कार्लोस अल्काराज ने 5 सेट चले मैच में हराया। फिर 2025 के ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में जानिक सिनर ने उन्हें सीधे सेटों में शिकस्त दी थी।
ज्वेरेव को कितना मिला प्राइज मनी?
फ्रेंच ओपन 2026 टेनिस टूर्नामेंट में महिला और पुरुष दोनों वर्गों के विजेताओं को एक बराबर इनामी राशि दी गई है। महिला सिंगल्स का खिताब रूस की युवा खिलाड़ी मीरा एंड्रीवा ने जीता, जिन्हें इनाम के तौर पर 28 लाख यूरो मिले। वहीं मेंस सिंगल्स का खिताब जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने इटली के फ्लेवियो कोबोली को हराकर अपने नाम किया, इसलिए उन्हें भी इनाम के तौर पर 30.80 करोड़ रुपये मिले। टेनिस के इस टूर्नामेंट में मिलने वाली यह प्राइज मनी दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग यानी आईपीएल जीतने वाली टीम को मिलने वाले इनाम से भी लगभग 10 करोड़ रुपये ज्यादा है। RCB को आईपीएल 2026 का खिताब जीतने के बाद 20 करोड़ रुपये मिले थे।



