IndiaTrending

‘बच्चों को बहुत चाहती थी गासिया’, पति ने आमिर के एनकाउंटर पर उठाए सवाल

अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर में चार बच्चों और मां की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। मुठभेड़ में ढेर हुए आरोपी आमिर के एनकाउंटर पर महिला के पति नियाज ने सवाल उठाए हैं। बच्चों के पिता नियाज को भी पुलिस की थ्योरी रास नहीं आ रही है। नियाज ने कहा कि सऊदी से आकर पत्नी का अंतिम संस्कार करूंगा।

‘बच्चों को बहुत चाहती थी गासिया’, पति ने आमिर के एनकाउंटर पर उठाए सवाल
‘बच्चों को बहुत चाहती थी गासिया’, पति ने आमिर के एनकाउंटर पर उठाए सवाल

अंबेडकरनगर में चार बच्चों और उनकी मां की बेरहमी से हुई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने एनकाउंटर कर भले ही सुलझाने का दावा कर दिया है लेकिन जघन्य हत्याकांड के दौरान उठे सवाल आज भी अनसुलझे हैं। बच्चों के पिता नियाज को भी पुलिस की थ्योरी रास नहीं आ रही है। यही वजह है कि नियाज ने मंगलवार तक वापस आने के बाद ही गासिया के शव की सुपुर्दगी लेने की बात कही है।

सोमवार को एनकाउंटर के बाद संवाद न्यूज एजेंसी प्रतिनिधि से सऊदी अरब के यांबू शहर में रह रहे नियाज अहमद की बात हुई। नियाज ने पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट न होने की बात कही। उनका कहना है कि शुक्रवार की शाम वीडियो कॉल के जरिये करीब 40 मिनट तक पत्नी गासिया और बच्चे शफीक, सऊद, उमर और बेटी बयान उर्फ सादिया से बात हुई थी।

सभी लोग खुश थे और खाना खा चुके थे। घर में ऐसा कुछ भी नहीं था जो इतनी बड़ी वारदात की ओर इशारा कर सके। करीब तीन माह पहले घर के सामने सिगरेटशराब का सेवन करने से रोकने पर आमिर ने उनके पुत्र शफीक और पत्नी गासिया के साथ गालीगलौज की थी।

जानकारी होने पर आमिर के चाचा ताज मोहम्मद को फोन कर शिकायत की थी। साथ ही दोबारा इस प्रकार की बदसलूकी करने पर पुलिस से शिकायत करने की बात कही थी। आमिर के चाचा ने उसे समझा लेने का आश्वासन दिया था।

नियाज के अनुसार, बच्चों का शव मिलने के बाद पुलिस ने गासिया खातून को ही हत्यारा बता डाला और इसके पीछे दूसरी शादी को वजह बना दिया। नियाज ने प्रशासन से अपील की है कि उसके वापस आने तक शव को सुरक्षित रखा जाए ताकि वह स्वयं उनको मिट्टी दे सकें।

पुलिस ने इस तरह जोड़ी कड़ी से कड़ी

एसपी प्राची सिंह ने बताया कि चार बच्चों की हत्या के बाद पूछताछ में पता चला कि नाजिया नामक महिला घटना से कुछ दिन पूर्व आकर रुकी थी। नाजिया के जरिये सोनू अपने मित्र आमिर के साथ घर आयाजाया करता था।

आमिर और सोनू से कई बार कहासुनी हो चुकी थी। घटना की रात आमिर गांजे के नशे में गासिया के घर पहुंच गया। महिला ने दरवाजा खोला तो आमिर ने उसको अपने साथ निकाह करने के लिए कहा। उसने कहा कि जब नियाज ने दूसरी शादी कर ली है तो वह भी उसे छोड़कर उसके साथ आ जाए।

हत्याकांड को अंजाम देने के बाद शनिवार सुबह उसकी मुलाकात सोनू से हुई थी और उसने इस घटना का जिक्र किया था। सोनू और नाजिया के बयान के बाद ही आमिर पुलिस के रडार पर आया था।

अलसुलझे पहलू
हत्यारे आमिर से जब गासिया खातून और उसके बच्चों का विवाद होता था तो आधी रात में घर का दरवाजा खोलकर उसे अंदर क्यों आने दिया?
महिला की हत्या करने के बाद शव को बच्चों की तरह घटनास्थल पर ही क्यों नहीं छोड़ा। उसे उठाकर नाले में क्यों फेंका?
पुलिस ने बच्चों का शव मिलने के बाद बिना किसी जांच और ठोस सबूत के ही महिला को हत्यारोपी क्यों मान लिया?
हत्याकांड को अंजाम देने से लेकर पुलिस को जानकारी होने तक 12 घंटे से अधिक समय मिलने पर भी आमिर क्यों नहीं भागा?

अंबेडकरनगर के अकबरपुर के मीरानपुर मुरादाबाद में चार बच्चों और उनकी मां की नृशंस हत्या के आरोपी आमिर को सोमवार सुबह करीब छह बजे पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया। हालांकि, इस एनकाउंटर को लेकर पीड़ित परिवार पुलिस की कहानी पर सवाल उठा रहा है और घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका जता रहा है।

पुलिस के अनुसार, सुड़ारी अफजलपुर गांव के पास घेराबंदी के दौरान आमिर ने पिस्टल से सात राउंड फायरिंग की, जिसमें मरैला चौकी प्रभारी राजेश यादव और एसओजी सिपाही जाकिर हुसैन घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में आमिर को गोली लगी और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply