लगातार चार दिनों की तेजी के बाद दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली. आंकड़ों को देखें तो सोने की कीमतों में 600 रुपए की गिरावट देखी गई. वहीं दूसरी ओर चांदी की कीमतों में 500 रुपए का इजाफा देखने को मिला. जानकारों की मानें तो लगातार आ रही तेजी के बाद निवेशकों ने सोने में मुनाफावसूली की. जिसकी वजह से गोल्ड की कीमतों में गिरावट देखी गई. वहीं दूसरी ओर अमेरिका में महंगाई के आंकड़े आने से पहले डॉलर इंडेक्स में भी उछाल देखने को मिला. जिसका असर भी गोल्ड की कीमतों में देखने को मिला. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर देश की राजधानी दिल्ली में सोने और चांदी के दाम कितने हो गए हैं.

दिल्ली सस्ता हुआ गोल्ड?
बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमतों में 600 रुपए की गिरावट आई और यह 1,66,500 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया. इससे पहले चार दिनों तक इसमें लगातार बढ़त देखी गई थी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कमजोर रुझानों के कारण यह सिलसिला टूट गया. इससे पिछले सत्र में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,67,100 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. हालांकि, ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार, चांदी की कीमतों में मामूली सुधार हुआ. यह मंगलवार के 2.5 लाख रुपए प्रति किलोग्राम के बंद भाव से 500 रुपए बढ़कर 2,50,500 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई.
क्यों सस्ता हुआ गोल्ड?
इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म मुड्रेक्स के लीड क्वांट एनालिस्ट अक्षत सिद्धांत ने कहा कि घरेलू बाजारों में सोने की कीमतों में नरमी आई है क्योंकि कई हफ्तों की जोरदार तेजी के बाद ट्रेडर्स ने मुनाफावसूली की है. उन्होंने कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट का कारण अमेरिकी पर्सनल कंजम्पशन एक्सपेंडिचर महंगाई रिपोर्ट से पहले अमेरिकी डॉलर का मजबूत होना बताया. सिद्धांत ने कहा कि इस साल सोना कई बार नई ऊंचाई पर पहुंचा है. इसे अमेरिकी ट्रेजरी के बढ़ते डेटबायबैक प्रोग्राम, कम बॉन्ड यील्ड और चीन के केंद्रीय बैंक की लगातार खरीदारी का समर्थन मिला है.
विदेशी बाजारों का हाल
ग्लोबल मार्केट में स्पॉट गोल्ड 39.66 डॉलर यानी लगभग 1 प्रतिशत गिरकर 4,619.21 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी मामूली गिरावट के साथ 68.50 डॉलर प्रति औंस पर रही. मिरे एसेट शेयरखान में कमोडिटीज के हेड प्रवीण सिंह ने कहा कि स्पॉट गोल्ड लगभग 1 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,621 डॉलर प्रति औंस के आसपास ट्रेड कर रहा था, क्योंकि लगातार पांच दिनों की बढ़त के बाद इसमें ठहराव आया है. उन्होंने कहा कि ईरान और ओमान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को अस्थायी रूप से खोलने के प्रयासों के बीच सप्लाई कम होने की चिंताओं के कारण कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट जारी है. सिंह ने कहा कि इस बीच, पिछले कुछ हफ्तों में सोने से जुड़े एक्सचेंजट्रेडेड फंड में होल्डिंग्स में काफी बढ़ोतरी हुई है.



