नई दिल्ली दिल्लीमेरठ मार्ग पर सोमवार सुबह उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब तेज रफ्तार एंबुलेंस की टक्कर से कांवड़ क्षतिग्रस्त हो गई। घटना से नाराज कांवड़ियों ने सड़क पर धरना देकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को सामान्य कराया।

हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, नोएडा के कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे थे। सुबह करीब 6:10 बजे उनका काफिला मुरादनगर में प्रिया सिनेमा के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रही एक सरकारी एंबुलेंस ट्रैक्टरट्रॉली से टकरा गई। टक्कर के कारण कांवड़ खंडित हो गई, जिससे श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी फैल गई।
सड़क पर बैठकर किया विरोध प्रदर्शन
हादसे के बाद गुस्साए कांवड़ियों ने दिल्लीमेरठ हाईवे पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी और यातायात रोक दिया। देखते ही देखते सड़क पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। राहगीरों और यात्रियों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने समझाइश देकर खुलवाया रास्ता
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से बातचीत कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात धीरेधीरे बहाल हो सका।
एटा में भी कांवड़ियों की ट्रॉली हादसे का शिकार
उधर, एटा जिले में मैनपुरीअलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक अन्य हादसे में तेज रफ्तार ट्रक ने कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टरट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में एक कांवड़िए की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।



