IndiaTrendingUttar Pradesh

दादी बनी जल्लाद, 20 दिन की मासूम पोती का घोंटा गला, झाड़-फूंक की कहानी रचकर करती रही गुमराह

टीकमगढ़ मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले से आई एक दर्दनाक घटना ने समाज में बेटियों के प्रति अब भी मौजूद भेदभावपूर्ण सोच को उजागर कर दिया है। जिले के पलेरा थाना क्षेत्र के बन्नेबुजुर्ग गांव में 20 दिन की नवजात बच्ची की कथित रूप से उसकी ही दादी द्वारा गला दबाकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी दादी रेखा आदिवासी को गिरफ्तार कर लिया है।

दादी बनी जल्लाद, 20 दिन की मासूम पोती का घोंटा गला, झाड़-फूंक की कहानी रचकर करती रही गुमराह

पुलिस के अनुसार, घटना रविवार तड़के करीब तीन बजे की है। नवजात मनीषा अपनी मां पुक्खन आदिवासी के साथ सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान दादी रेखा बच्ची को गोद में उठाकर ले गई और कुछ देर बाद उसे वापस मां के पास लिटाकर चली गई। जब काफी देर तक बच्ची में कोई हरकत नहीं हुई तो मां ने उसे उठाकर देखा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिवार में चीखपुकार मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।

झाड़फूंक की कहानी बताकर पुलिस को किया गुमराह

शुरुआत में परिजनों ने पुलिस को बताया कि बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर झाड़फूंक कराई गई थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। जांच और पूछताछ के दौरान घटनाक्रम में कई विरोधाभास सामने आए। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी दादी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

‘बेटी होने से थी नाराज’

पलेरा थाना प्रभारी प्रीति भार्गव के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी दादी नवजात के बेटी होने से नाराज थी। पूछताछ में यह भी पता चला कि वह बेटियों को परिवार पर बोझ मानती थी और इसी मानसिकता के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया।

बहू ने लगाए प्रताड़ना के आरोप

मृत बच्ची की मां पुक्खन आदिवासी ने आरोप लगाया कि बेटी के जन्म के बाद से उसकी सास का व्यवहार पूरी तरह बदल गया था। उसका पति धनीराम दिल्ली में मजदूरी करता है और वह घर पर अपनी सास के साथ रहती थी। पुक्खन का कहना है कि सास उसे प्रताड़ित करती थी और कई बार खाना तक नहीं देती थी। उसने आरोप लगाया कि सास अक्सर कहती थी कि बेटी के जन्म से परिवार को समाज के सामने झुकना पड़ेगा और भविष्य में उसकी शादी पर भारी खर्च उठाना पड़ेगा।

पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। यह घटना एक बार फिर समाज में बेटियों के प्रति भेदभावपूर्ण सोच और कन्या जन्म को लेकर फैली रूढ़िवादी मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply