Satya Report: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 42वां लीग मुकाबला गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के बीच में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस का सफर अभी तक आईपीएल के इस सीजन में सफर उतारचढ़ाव भरा देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने 8 मैचों में खेलते हुए चार में जहां जीत हासिल की है तो वहीं चार मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। जीटी अभी प्वाइंट्स टेबल में 8 अंकों के साथ 5वें नंबर पर है। ऐसे में आरसीबी के खिलाफ होने वाला ये मुकाबला उनके लिए काफी अहम माना जा रहा है। डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम का आईपीएल 2026 में अब तक प्रदर्शन शानदार रहा है और उन्होंने 8 मैचों में से 6 को अपने नाम किया है। ऐसे में उनकी नजरें अगले कुछ मैचों को जीतकर आसानी से अपनी जगह प्लेऑफ में पक्की करने पर रहने वाली हैं।

जीटी की नजरें पिछला हिसाब बराबर करने पर
आईपीएल 2026 के सीजन में गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के बीच में ये दूसरा मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें पिछले मुकाबले में आरसीबी की टीम 5 विकेट से जीत हासिल करने में भी कामयाब रही थी। ऐसे में जीटी की नजरें अपना हिसाब बराबर करने पर रहने वाली हैं। आईपीएल में गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच में अभी तक कुल 7 बार भिड़ंत देखने को मिली है, जिसमें गुजरात टाइटंस की टीम ने जहां तीन मैचों को अपने नाम किया है तो वहीं आरसीबी की टीम चार मैच जीतने में कामयाब रही है। ऐसे में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम का पलड़ा थोड़ा भारी माना जा सकता है। अहमदाबाद के स्टेडियम में अब तक दोनों टीमों के बीच में सिर्फ एक मुकाबला खेला गया है जिसमें आरसीबी की टीम ने जीत हासिल की है।
कोहलीगिल पर रहेगी नजरें
गुजरात टाइटंस और आरसीबी के बीच होने वाला ये मैच प्रिंस बनाम किंग के रूप में भी देखा जा रहा है, जिसमें सभी की नजरें शुभमन गिल और विराट कोहली पर रहने वाली हैं। गिल का पिछले कुछ मैचों बल्ला उम्मीद के अनुसार चलते हुए देखने को नहीं मिला है, ऐसे में उनसे सभी को इस मैच में बड़ी पारी की उम्मीद रहने वाली है। वहीं कोहली का अभी तक फॉर्म काफी शानदार दिखा है जिसमें इस मैच में भी वह अपने बल्ले का कमाल दिखा सकते हैं।



