कपूरथला : सरदार स्वर्ण सिंह नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ रिन्यूएबल एनर्जी , कपूरथला में कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीडऩ अधिनियम, 2013 के तहत गठित आंतरिक शिकायत समिति की पहली बैठक समिति की प्रेजाइडिंग ऑफिसर डॉ. संगीता गर्ग की अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई।

बैठक में ‘अजीत’ प्रकाशन समूह की वरिष्ठ कार्यकारी श्रीमती गुरजोत कौर बाहरी सदस्य के रूप में शामिल हुईं। इसके अलावा संस्थान से डॉ. अनिल कुमार शर्मा , डॉ. आशीष बोहड़े सदस्य के रूप में तथा गुरप्रीत सिंह सदस्य सचिव के रूप में उपस्थित रहे। बैठक के प्रारंभ में डॉ. आशीष बोहड़े ने सभी सदस्यों का स्वागत किया तथा कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीडऩ की रोकथाम संबंधी कानून एवं समिति की जिम्मेदारियों पर विस्तार से जानकारी दी।
बैठक में बताया गया कि समिति के गठन के बाद से संस्थान में किसी भी महिला कर्मचारी, संविदा कर्मी, परियोजना स्टाफ, शोधार्थी, प्रशिक्षु , आगंतुक अथवा कार्यस्थल से जुड़ी किसी भी महिला की ओर से यौन उत्पीडऩ संबंधी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। इसलिए इस बैठक में जांच से संबंधित कोई मामला विचारार्थ प्रस्तुत नहीं हुआ।
विचारविमर्श के उपरांत समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि संस्थान की सभी महिला कर्मचारियों को अगली बैठक में आमंत्रित किया जाएगा तथा कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीडऩ की रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सुरक्षित एवं सहयोगात्मक वातावरण विकसित किया जाएगा।
समिति ने यह भी अनुशंसा की कि कर्मचारियों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों को जागरूक करने के लिए पंपलेट और ब्रोशर वितरित किए जाएं, संस्थान के प्रमुख स्थानों पर सूचना बोर्ड/फ्लेक्स लगाए जाएं जिन पर आंतरिक शिकायत समिति एवं शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध हो, तथा शिकायतों की गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए संस्थान में उपयुक्त स्थान पर शिकायत पेटी स्थापित की जाए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आंतरिक शिकायत समिति समयसमय पर संस्थान में यौन उत्पीडऩ की रोकथाम संबंधी नियमों के अनुपालन एवं उठाए गए उपायों की नियमित समीक्षा करती रहेगी।



