उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आगरालखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं. पिकनिक मनाकर घर लौट रहे स्कूली बच्चों की बस सड़क किनारे खड़ी थी, तभी तेज रफ्तार में आया आलू से लदा ट्रक बस में जा घुसा. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि 21 बच्चे घायल हो गए.

यह हादसा 24 नवंबर की सुबह आगरालखनऊ एक्सप्रेसवे पर ठठिया थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 210 के पास हुआ. ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस में करीब 50 छात्र और छह शिक्षक सवार थे. सभी बच्चे पिकनिक के लिए निकले थे और वापस कौशांबी लौट रहे थे.
बताया जा रहा है कि एक्सप्रेसवे पर सफर के दौरान बच्चों को टॉयलेट जाना था. इसी वजह से बस को सड़क किनारे रोक दिया गया. बच्चे और शिक्षक बस में ही थे. इसी दौरान आगरा की तरफ से आलू लादकर आ रहा तेज रफ्तार ट्रक अचानक बस से टकरा गया. ट्रक की टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के पिछले हिस्से के परखच्चे उड़ गए.
टक्कर के बाद बस में मची चीखपुकार
हादसे के बाद बस के अंदर अफरातफरी मच गई. कई बच्चे सीटों और क्षतिग्रस्त हिस्सों के बीच फंस गए. चारों तरफ चीखपुकार सुनाई देने लगी. सड़क से गुजर रहे लोगों ने बच्चों की आवाज सुनी तो वे तुरंत मदद के लिए पहुंचे. स्थानीय लोगों ने बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालने में मदद की और पुलिस को सूचना दी.
जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई. एंबुलेंस की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज तिर्वा पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों की टीम ने बच्चों का इलाज शुरू किया. हादसे में चार छात्रों की जान चली गई, जबकि 21 बच्चे घायल हुए हैं.
हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों की पहचान 14 वर्षीय आर्यन चौरसिया, 18 वर्षीय रजीउल्ला, 17 वर्षीय जैद मिर्जा और 17 वर्षीय अरमान के रूप में हुई है. चारों छात्र कौशांबी और फतेहपुर क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं. उनके शव मेडिकल कॉलेज तिर्वा में रखे गए हैं.
पिकनिक पर जाते समय जिन घरों में बच्चों की वापसी का इंतजार था, वहां अब मातम पसरा है. चार परिवारों ने अपने बच्चों को खो दिया. वहीं, घायल बच्चों के परिजन अस्पताल में उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं.
पुलिस कर रही हादसे की जांच
हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य पूरा कराया. पुलिस ने ट्रक और बस की टक्कर के कारणों की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बस सड़क किनारे खड़ी थी और पीछे से आए ट्रक ने उसे टक्कर मारी. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.



