
अक्सर कहा जाता है कि पैसा दुनिया की हर चीज नहीं खरीद सकता। जब भी ऐसी तीन चीजों के बारे में पूछा जाता है, तो लोग खुशी, ईमान और वफादारी जैसे जवाब देते हैं। लेकिन सोशल मीडिया पर उर्दू प्रेमी जरी जाफरी ने इस सवाल का ऐसा जवाब दिया, जिसने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया।
जरी जाफरी ने पूछा कि आखिर ऐसी कौन-सी तीन चीजें हैं, जिन्हें पैसा खरीद नहीं सकता। इसके बाद उन्होंने खुद ही तीन जवाब दिए—गुजरा हुआ कल, एहसास और आखिरत। उनके मुताबिक, दुनिया का कितना भी अमीर व्यक्ति क्यों न हो, वह इन तीन चीजों को दौलत के दम पर हासिल नहीं कर सकता।
न बीते हुए कल को लौटाया जा सकता है, न खरीदा जा सकता है
जरी जाफरी के अनुसार, गुजरा हुआ कल ऐसी चीज है, जिसे कोई भी दौलतमंद इंसान वापस नहीं खरीद सकता। समय एक बार बीत जाने के बाद लौटकर नहीं आता। इंसान चाहे जितना पैसा खर्च कर ले, वह अपने अतीत को बदल नहीं सकता और न ही बीते हुए पलों को दोबारा जी सकता है।
एहसास की कोई कीमत नहीं होती
उन्होंने दूसरी चीज के रूप में एहसास का जिक्र किया। किसी इंसान के मन में क्या भावनाएं हैं, वह किसके लिए क्या महसूस करता है और उसके दिल में किसके प्रति कितना अपनापन है, इसे पैसों से खरीदा नहीं जा सकता। एहसास हर व्यक्ति के लिए अलग होता है और इसकी कोई तय कीमत नहीं होती।
अरबपति भी नहीं खरीद सकता आखिरत
तीसरी चीज बताते हुए जरी ने आखिरत का जिक्र किया। आखिरत का अर्थ उस परलोक से है, जहां धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मृत्यु के बाद इंसान का जीवन होता है। उनका कहना है कि दुनिया का सबसे अमीर व्यक्ति भी अपनी दौलत से इसे नहीं खरीद सकता।
लोगों ने कमेंट में बताईं दूसरी अनमोल चीजें
जरी जाफरी की बातों पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी अपनी राय रखी। कई लोगों ने ऐसी दूसरी चीजों का जिक्र किया, जिन्हें पैसा हासिल नहीं कर सकता।
एक यूजर ने सम्मान, अच्छी सेहत, समय, ईश्वर का आशीर्वाद और मन की शांति को अनमोल बताया। वहीं दूसरे यूजर ने जीवन, उसूल, आत्मा और आंतरिक सुकून का जिक्र किया। कुछ लोगों ने मोहब्बत को भी ऐसी ही चीज बताया, जिसे दौलत से खरीदा नहीं जा सकता।
जरी जाफरी की यह बात लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है और एक बार फिर यह सवाल सामने आया है कि क्या जिंदगी की सबसे कीमती चीजें वास्तव में पैसों से हासिल की जा सकती हैं?



