
ओडिशा के नयागढ़ के शरणकुल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि यहां रक्षक ही एक महिला के लिए दरिंदा बन गया. उसने महिला को सुरक्षा देने के नाम पर कई बार उसका शारीरिक शोषण किया.
ओडिशा के नयागढ़ में एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां शरणकुल थाने के इंस्पेक्टर-इन-चार्ज सुजीत कुमार दास के खिलाफ एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने उनके खिलाफ रेप और धमकी समेत तमाम मामलों में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत दर्ज कराने के बाद आरोपी एसआई सुजीत कुमार को तत्काल प्रभाव से ट्रांसफर कर दिया गया है. इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए DSP को जांच सौंपी गई है.
बता दें कि पीड़िता ने इस मामले में एसपी को शिकायत दी, जिसमें उसने आरोप लगाया था कि कुछ समय पहले वो न्याय और सुरक्षा की गुहार लेकर सारणकुल थाने पहुंची थी क्योंकि कुछ ग्रामीणों ने उसके साथ मारपीट की थी. उसकी मजबूरी का फायदा उठाकर थाना प्रभारी ने उसे न्याय दिलाने का भरोसा दिया और उससे नजदीकियां बढ़ानी शुरू कर दीं.
देर रात करता था वीडियो कॉल
वो देर रात लड़की को वीडियो कॉल करता था. वो सुरक्षा का झांसा देकर उसे नयागढ़ शहर के होटल और बौंसिया में किराए के मकान समेत अलग-अलग जगहों पर ले जाता था. इस दौरान वो महिला के साथ दुष्कर्म किया. जब उसने शिकायत करने की बात कही, तो उसने गांव में स्थायी पुनर्वास का वादा कर चुप कर दिया. जब महिला काफी ज्यादा परेशान हो गई, तो उसने एसआई को धमकी दी कि वो इस बारे में सबको बता देगी. इससे नाराज होकर पुलिसकर्मी ने उसका मोबाइल फोन छीनकर फेंक दिया. उसने फोन में मौजूद फोटोज और वीडियोज भी डिलीट कर दीं.
थाने ले जाकर दिया थर्ड डिग्री टॉर्चर
पीड़िता ने ये आरोप लगाया कि आरोपी कुछ दिनों के लिए छुट्टी पर चला गया. छुट्टी से वापस आने के बाद अधिकारी उसे जबरन थाने ले गया और थर्ड-डिग्री टॉर्चर किया. इसके बाद झूठे मामले में फंसाकर जेल भेज दिया. पीड़ित महिला ने न्याय की मांग करते हुए अधिकारी के मोबाइल फोन की जांच कराने की मांग की है. साथ ही ये मांग भी की है कि सीसीटीवी फुटेज भी चेक किया जाए. इस शिकायत के बाद गुरुवार को पीड़िता शिकायत के सिलसिले में एसपी ऑफिस पहुंची, जहां पर आरोपी और उसकी पत्नी पहले से मौजूद थी. उन्होंने कथित तौर पर उससे बात करने की कोशिश की.



