CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

यूपी में दिल दहला देने वाली वारदात! शादी से इनकार पर घर में घुसा युवक, दो बहनों पर फेंका तेजाब; जाने पूरा मामला​​​​​​​

Featured Image

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में शादी से इनकार करने पर दो बहनों पर तेजाब फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में दोनों बहनें गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें इलाज के लिए मेरठ रेफर किया गया है। पुलिस ने मौके से पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मामला सिंभावली थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पीड़ित पिता ने हापुड़ की आवास विकास कॉलोनी निवासी युवक हर्ष पर घर में घुसकर अपनी दोनों बेटियों पर तेजाब डालने का आरोप लगाया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

रिश्ता टूटने से नाराज था आरोपी-
पीड़ित परिवार के मुताबिक, उन्होंने अपनी बड़ी बेटी का रिश्ता हर्ष के साथ तय किया था। बाद में परिवार को जानकारी हुई कि युवक कथित तौर पर नशे का आदी है। इसके बाद परिजनों ने रिश्ता तोड़ दिया।

आरोप है कि रिश्ता टूटने के बाद भी युवक लगातार बड़ी बेटी से शादी करने का दबाव बना रहा था। परिवार की ओर से स्पष्ट इनकार किए जाने के बाद वह नाराज हो गया और कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया।

रात में दीवार फांदकर घर में घुसा-
आरोप है कि शनिवार रात करीब सवा दो बजे युवक बोतल में तेजाब लेकर दीवार फांदकर घर में घुस आया। आहट सुनकर बड़ी बेटी की आंख खुल गई। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाती, आरोपी ने उस पर तेजाब फेंक दिया।

बड़ी बहन को बचाने के लिए छोटी बहन आगे आई तो आरोपी ने उस पर भी तेजाब फेंक दिया। दोनों बहनें गंभीर रूप से झुलस गईं और चीख-पुकार मच गई।

ग्रामीणों ने आरोपी को दबोचा-
बहनों की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण जाग गए। आरोपी वारदात के बाद मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद 112 नंबर पर सूचना देकर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया गया।

सीओ राहुल यादव ने बताया कि तेजाब से झुलसी दोनों युवतियों का मेरठ के अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply