
जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से अंधविश्वास से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां जादू-टोना करने के शक में एक व्यक्ति ने अपनी विधवा बहू की लकड़ी के डंडे से हमला कर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
आंगन में हुआ खूनी हमला
पुलिस के अनुसार, घटना पत्थलगांव थाना क्षेत्र के डुडुंगजोर गांव की है। मृतका नबिना राठिया अपने घर के आंगन में मौजूद थी। इसी दौरान उसके ससुर सुख सिंह राठिया ने उस पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि बहस बढ़ने पर आरोपी घर के अंदर गया और एक मोटी लकड़ी लेकर आया। इसके बाद उसने महिला के सिर पर लगातार कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले टूट गई सांस
घटना के बाद परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पत्थलगांव पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पूछताछ में कबूला अपराध
पुलिस हिरासत में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसे शक था कि उसकी विधवा बहू उसके बच्चों पर जादू-टोना करती थी। इसी अंधविश्वास और गुस्से में उसने उस पर हमला कर दिया।
हत्या का मामला दर्ज, जांच जारी
एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।



