
: पंजाब के बटाला के अंतर्गत आते गांव मुंडी कलार में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपने ही परिवार के दो सदस्यों और अपने एक दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी, और बाद में खुद को भी गोली से उड़ा लिया। इस खूनी खेल में मुख्य आरोपी समेत कुल चार लोगों की मौत हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी मनजोत सिंह के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है और वह अपनी चाची के घर पर ही खाना खाता था। मंगलवार देर रात मनजोत सिंह अपने एक दोस्त और पूर्व फौजी परगट सिंह (निवासी खान प्यारा) के साथ अपने चाचा निशान सिंह के घर पहुंचा। उस समय मनजोत के हाथ में उसके दोस्त परगट सिंह की पिस्टल थी।
घर में दाखिल होते ही मनजोत ने बिस्तर पर सो रहे अपनी 40 वर्षीय चाची हरदीप कौर और 13 वर्षीय चचेरे भाई हरमीत सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
दोस्त का कत्ल कर खुद को भी उड़ाया
चाची और भाई की हत्या करने के बाद, घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर मनजोत सिंह और उसके दोस्त पूर्व फौजी परगट सिंह के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि मनजोत ने परगट सिंह को भी गोली मार दी, जिससे उसकी भी मौत हो गई। इसके तुरंत बाद आरोपी मनजोत सिंह ने उसी पिस्टल से अपने सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही थाना सेखवां की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और आगे की कार्रवाई के लिए बटाला के सिविल अस्पताल भेज दिया है।
हत्या के कारणों पर सस्पेंस बरकरार
फिलहाल इस सामूहिक हत्याकांड और आत्महत्या के पीछे की मुख्य वजह क्या थी, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।



