CrimeDelhiIndiaTrending

प्रेमिका के साथ पिटाई का इंतकाम; नाले में फेंकी लाश, दिल्ली पुलिस ने कैसे पकड़ा?

प्रेमिका के साथ पिटाई का इंतकाम; नाले में फेंकी लाश, दिल्ली पुलिस ने कैसे पकड़ा?

प्रेमिका के साथ पिटाई का बदला लेने के लिए एक शख्स इस कदर हैवानियत पर उतर आया कि उसने हत्या कर के लाश को प्लास्टिक के कट्टे में बांधकर लोडिंग टेंपो से नाले में फेंक दिया। दिल्ली पुलिस ने कैसे सुलझाई ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री?

प्रेमिका के साथ किराये के कमरे में बंद कर लोगों से पिटवाने की घटना का बदला लेने के लिए एक युवक ने 45 वर्षीय पवन कुमार यादव की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को प्लास्टिक के कट्टों में बांधा और लोडिंग टेंपो से ले जाकर द्वारका सेक्टर-8 स्थित गंदे नाले में फेंक दिया। द्वारका जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने हत्या के आरोप में 24 वर्षीय आरोपी भूपेंद्र पाल उर्फ नन्हे को उत्तर प्रदेश के कासगंज से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया है।

बरामद की थी सड़ी गली लाश, पहचान थी मुश्किल

पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि 31 अगस्त को द्वारका सेक्टर-8 स्थित शुक्र बाजार रोड के पास एक नाले से अत्यधिक सड़ा-गला शव बरामद हुआ था। शव प्लास्टिक के कट्टें में डालकर रस्सी से बांधा गया था। शव की हालत खराब होने के चलते उसकी पहचान करना मुश्किल था।

ऐसे की आरोपी की पहचान

एसीपी सुभाष मलिक की देखरेख में इंस्पेक्टर कमलेश कुमार और रमेश चंद की टीम ने स्थानीय लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की मदद से मृतक की पहचान 45 वर्षीय पवन कुमार यादव के रूप में की। पवन कुमार मूलत: पूर्णिया, बिहार का रहने वाला था और पिछले करीब 10 वर्षों से बगडोला गांव में रह रहा था और बीएसईएस कार्यालय में हेल्पर के तौर पर काम करता था।

सीसीटीवी से खुला टेंपो का राज

पुलिस टीम ने पवन को आखिरी बार देखे जाने से लेकर शव मिलने तक इलाके के कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में 26 और 27 अगस्त की रात एक लोडिंग टेंपो संदिग्ध परिस्थितियों में इलाके से गुजरता दिखाई दिया।

आरोपी कासगंज से गिरफ्तार

पुलिस ने टेंपो के पूरे रूट को ट्रैक किया तो वह शव मिलने वाली जगह तक जाता मिला। जांच में यह भी सामने आया कि टेंपो करीब 25 मिनट बाद उसी इलाके में वापस लौट आया था। इसके बाद पुलिस ने टेंपो मालिक भूपेंद्र पाल की गतिविधियों की जांच शुरू की जो संदिग्ध पाई गईं। भूपेन्द्र की जानकारी जुटाई और तकनीक एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसे कासगंज से गिरफ्तार कर लिया।

प्रेमिका के साथ कमरे में था आरोपी

पूछताछ में आरोपी भूपेन्द्र ने तौर पर बताया कि कुछ दिन पहले वह अपनी प्रेमिका के साथ एक किराये के कमरे में था। आरोप है कि पवन ने कमरे को बाहर से बंद कर दिया और लोगों को बुलाकर दोनों की पिटाई करवाई थी।

वारदात के बाद दिल्ली छोड़कर हुआ फरार

इस घटना के बाद आरोपी के मन में पवन के प्रति गहरी रंजिश पैदा हो गई। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपी ने पवन की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को प्लास्टिक के कट्टों में बांधकर अपने लोडिंग टेंपो में रखा और सेक्टर-8 के नाले में ले जाकर फेंक दिया। वारदात के बाद आरोपी दिल्ली छोड़कर उत्तर प्रदेश के कासगंज भाग गया था।

मृतक के बैंक खाते से पैसे निकाल खरीदे कपड़े

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने कथित तौर पर मृतक के बैंक खाते से कपड़े खरीदे। पुलिस ने आरोपी के कमरे से घटना के समय पहने गए कपड़े, बाद में खरीदे गए नए कपड़े और शव को ठिकाने लगाने में इस्तेमाल किया गया लोडिंग टेंपो बरामद कर लिया है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply