BusinessIndia

​ताकत में रूस और जापान से कैसे आगे निकल गया भारत, चीन को पछाड़ने में क्या है रोड़ा?

Asia Power Index 2026: एशिया में ताकत का समीकरण तेजी से बदल रहा है. ऑस्ट्रेलियाई थिंक टैंक के एशिया पावर इंडेक्स 2026 ने नई बहस छेड़ दी है. भारत 40.5 अंकों के साथ रूस और जापान से आगे निकल गया है. 2018 में ये इंडेक्स शुरू होने के बाद से भारत का ये अब तक का सबसे ऊंचा स्कोर है. बड़ी बात ये रही कि आर्थिक स्कोर में हल्की गिरावट के बावजूद भारत की कुल ताकत 0.5 अंक बढ़ी. अब बड़ा सवाल यही है कि भारत ने दोनों दिग्गजों पर ये बढ़त कैसे बनाई और क्या अगली बारी चीन की है?

​ताकत में रूस और जापान से कैसे आगे निकल गया भारत, चीन को पछाड़ने में क्या है रोड़ा?

रूस की फौज, जापान की तकनीक से कैसे आगे निकला भारत

इस इंडेक्स में 27 देशों को 131 पैमानों पर परखा जाता है. 40 या उससे ज्यादा अंक पाने वाले देश मेजर पावर कहलाते हैं. अमेरिका और चीन के अलावा एशिया में सिर्फ भारत इस दायरे में है. रूस सैन्य ताकत में 55.8 अंकों के साथ भारत से अब भी आगे है. लेकिन यूक्रेन युद्ध के भारी खर्च ने उसकी अर्थव्यवस्था और फौज पर दबाव बढ़ाया, जिससे वो कुल ताकत में पिछड़ गया. दूसरी तरफ, जापान 38.6 अंकों के साथ मेजर पावर के स्तर से थोड़ा पीछे रह गया. हालांकि जापान संसाधनों को असर में बदलने में सबसे आगे है. भारत ने इन दोनों को किसी एक मोर्चे पर नहीं, बल्कि आर्थिक, सैन्य और कूटनीतिक ताकत के बेहतर तालमेल से मात दी है.

ब्रह्मोस, कूटनीति ने बढ़ाया भारत का दबदबा

भारत की इस बढ़त के पीछे क्षेत्रीय असर वाले पैमानों का बड़ा हाथ रहा. सबसे ज्यादा 2.3 अंकों की छलांग कल्चरल असर में लगी. लोगों के आपसी जुड़ाव और कल्चरल पहुंच ने भारत की छवि मजबूत की. दक्षिणपूर्व एशियाई देशों को ब्रह्मोस मिसाइल बेचने से डिफेंस नेटवर्क स्कोर 2.1 अंक बढ़कर 18.6 हो गया. हालांकि ये अब भी भारत का सबसे कमजोर पहलू है. क्षेत्रीय व्यापार में स्थिरता से आर्थिक रिश्तों का स्कोर 19.9 रहा. दुनिया के सिर्फ पांच देश ही इस पैमाने पर गिरावट से बच सके, जिनमें भारत शामिल है. कूटनीतिक असर भारत की सबसे बड़ी ताकत बना हुआ है. पीएम नरेंद्र मोदी तीन पायदान चढ़कर शी जिनपिंग के बाद दूसरे सबसे असरदार क्षेत्रीय नेता बन गए हैं. हालांकि खाड़ी संकट के दौरान कम सक्रियता से उनकी ग्लोबल लीडरशिप छवि पर थोड़ा असर पड़ा.

क्या अब चीन की बारी है, आंकड़े क्या कहते हैं

रिपोर्ट में एक अहम बदलाव भारत और चीन के बीच के अंतर में दिखा. 2018 के बाद दोनों देशों का फासला सबसे कम हुआ है. लेकिन चीन को पछाड़ना अभी आसान नहीं है. चीन 73.6 अंकों के साथ अमेरिका के काफी करीब पहुंच गया है. हालांकि रिपोर्ट मानती है कि अमेरिकाचीन का अंतर घटकर 5.3 अंक रहने की वजह चीन की अचानक बढ़ी ताकत नहीं, बल्कि अमेरिका को लगे झटके हैं. भारत की तुलना में चीन की कुल ताकत अभी करीब 80 फीसदी ज्यादा है. सैन्य क्षमता में भी चीन भारत से काफी आगे खड़ा है.

आर्थिक झटके के बीच भविष्य की ताकत बनी उम्मीद

भारत का आर्थिक क्षमता स्कोर 0.7 अंक गिरकर 26.4 पर आ गया. इसकी वजह डॉलर के मुकाबले कमजोर रुपया, आईएमएफ के पैमाने में बदलाव और बाहर जाने वाले निवेश में करीब 20 अरब डॉलर की कमी रही. इसके उलट घरेलू अर्थव्यवस्था मजबूत है. आईएमएफ ने वित्त वर्ष 2027 में 7 फीसदी, जबकि वर्ल्ड बैंक और आरबीआई ने 7.1 फीसदी ग्रोथ का अनुमान लगाया है. भविष्य के संसाधनों में भारत 1.2 अंक बढ़कर 56.2 पर पहुंच गया. असली चुनौती अब ‘पावर यील्ड’ सुधारने की है, यानी संसाधनों को असर में बदलने की क्षमता. इसमें जापान सबसे आगे, चीन संतुलित और रूस सबसे नीचे है. भारत का पावर यील्ड 3.3 है, जिसमें 2023 के बाद पहली बार सुधार हुआ है. चीन को सीधी टक्कर देने के लिए भारत को अपनी युवा आबादी, फौजी ताकत और क्षेत्रीय रिश्तों को बड़े असर में बदलना होगा.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply