Satya Report: T20 वर्ल्ड कप 2026 नजदीक आते ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। हर मैच अब टीम के लिए सिर्फ एक मुकाबला नहीं, बल्कि T20 वर्ल्ड कप की दिशा में अहम कदम बन चुका है। ऐसे में सवाल उठता है कि मेगा इवेंट से पहले टीम इंडिया और कितने T20 मुकाबले खेलेगी? हाल ही में भारतीय महिला टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में शानदार जीत दर्ज कर सीरीज में अपनी पहली जीत हासिल की। हालांकि टीम सीरीज पहले ही गंवा चुकी है, लेकिन अब उसका पूरा फोकस बाकी बचे मैचों का अधिकतम फायदा उठाने पर है।

टीम इंडिया की नजरें दूसरी जीत पर
दरअसल, भारतीय टीम इस समय साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक अहम T20 सीरीज खेल रही है, क्योंकि 12 जून से इंग्लैंड में शुरू होने वाले T20 वर्ल्ड कप 2026 की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। इस बार 12 टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी। ODI वर्ल्ड कप 2025 जीतकर ICC ट्रॉफी का लंबा इंतजार खत्म करने वाली वुमन इन ब्लू अब T20 वर्ल्ड कप जीतकर डबल खुशी हासिल करना चाहती है। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम इस बार कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती, खासकर तब जब T20 फॉर्मेट में टीम कई बार खिताब के करीब पहुंचकर चूक चुकी है।
कितने T20 मैच बाकी?
साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में भारत ने चौथे मुकाबले में 14 रन से जीत दर्ज कर खाता खोला। हालांकि, सीरीज हाथ से निकल चुकी है, लेकिन टीम अब आखिरी मैच में बेहतर प्रदर्शन कर लय हासिल करना चाहेगी।
भारत अब 27 अप्रैल को बेनोनी में सीरीज का पांचवां और आखिरी T20 मैच खेलेगा। इसके बाद टीम भारत लौटेगी और फिर इंग्लैंड दौरे पर जाएगी, जहां वर्ल्ड कप से पहले आखिरी तैयारियां होंगी। इंग्लैंड में भारतीय टीम तीन मैचों की T20 सीरीज खेलेगी, जो वर्ल्ड कप से पहले परिस्थितियों के अनुसार ढलने के लिए बेहद अहम साबित होगी।
भारत के बचे हुए T20 मैचों का शेड्यूल
- 27 अप्रैल: भारत बनाम साउथ अफ्रीका, 5वां T20I
- 28 मई: भारत बनाम इंग्लैंड, पहला T20
- 30 मई: भारत बनाम इंग्लैंड, दूसरा T20
- 2 जून: भारत बनाम इंग्लैंड, तीसरा T20
T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय महिला टीम कुल चार और T20 मुकाबले खेलेगी। ये मैच टीम के लिए सिर्फ तैयारी नहीं, बल्कि सही कॉम्बिनेशन और फॉर्म हासिल करने का सुनहरा मौका भी हैं।



