CrimeIndiaMadhya PradeshTrending

प्रेमिका मुस्कान की कुल्हाड़ी से हत्या के बाद रितिक ने खुद को मारी गोली, वारदात से पहले भाई को भेजीं 50 आपत्तिजनक तस्वीरें…

प्रेमिका मुस्कान की कुल्हाड़ी से हत्या के बाद रितिक ने खुद को मारी गोली, वारदात से पहले भाई को भेजीं 50 आपत्तिजनक तस्वीरें…

मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले से रूह कंपा देने वाली एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ईसागढ़ रोड पर फुटेरा चक के पास एक आई-20 कार के अंदर युवक और युवती के खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप मच गया।

शुरुआती जांच और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने खुलासा किया है कि सराफा कारोबारी के बेटे रितिक सोनी 25 ने पहले अपनी प्रेमिका मुस्कान जैन 24 की कुल्हाड़ी और पेपर कटर से बेहद बेरहमी से हत्या की और फिर खुद को अवैध पिस्टल से गोली मारकर उड़ा लिया। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने से चंद मिनट पहले आरोपी युवक ने युवती के चचेरे भाई के मोबाइल पर दोनों के 50 से ज्यादा क्लोज फोटो और तीन वीडियो व्हाट्सएप किए थे।

रात 9:43 बजे खुला खौफनाक राज, परिवार में मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार, अशोकनगर की रहने वाली मुस्कान जैन बीते बुधवार की रात करीब साढ़े आठ बजे बिना बताए घर से निकली थी। परिजन उसकी तलाश कर ही रहे थे कि रात 9 बजकर 43 मिनट पर मुस्कान के चचेरे भाई वर्धमान जैन ने जैसे ही अपने मोबाइल का इंटरनेट ऑन किया, तो उसके व्हाट्सएप पर एक के बाद एक 50 से ज्यादा तस्वीरें और 3 वीडियो आए।

इन तस्वीरों में मुस्कान शहर के ही रितिक सोनी नाम के युवक के साथ बेहद क्लोज नजर आ रही थी। यह मैसेज खुद रितिक ने मुस्कान के भाई को भेजे थे। इन आपत्तिजनक तस्वीरों को देखकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। मुस्कान का फोन लगातार बंद आ रहा था, जिसके बाद घबराए परिजन रात 12 बजे कोतवाली थाने पहुंचे और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

सड़क से 20 फीट नीचे गड्ढे में बज रहा था कार का हॉर्न, अंदर बिखरा था खून

शिकायत मिलते ही पुलिस एक्टिव हुई और रितिक सोनी के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया। देहात थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस की टीमें रातभर जंगलों और हाईवे पर सर्चिंग करती रहीं। रात करीब 3 बजे पुलिस टीम को ईसागढ़ रोड पर महाना गांव के पास सड़क से 20 फीट नीचे एक खेत के गड्ढे में क्षतिग्रस्त आई-20 कार उतरी हुई दिखाई दी।

कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से डैमेज था और उसका हॉर्न लगातार बज रहा था। पुलिस ने जब पास जाकर कार का दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा खौफनाक था। ड्राइविंग सीट पर रितिक का शव पड़ा था और उसका सिर स्टीयरिंग पर टिका हुआ था, जिससे हॉर्न लगातार दब रहा था। दरवाजा खुलते ही रितिक के हाथ में फंसी पिस्टल नीचे गिर गई। वहीं, बगल वाली सीट पर मुस्कान का शव लहूलुहान हालत में उल्टा पड़ा हुआ था।

पूरी प्लानिंग के साथ आया था रितिक, कार में मिला मौत का सामान

पुलिस की छानबीन में सामने आया है कि रितिक इस वारदात को अंजाम देने के लिए पूरी तैयारी और प्लानिंग के साथ आया था। पुलिस को कार की तलाशी के दौरान एक अवैध 315 बोर की पिस्टल, एक कुल्हाड़ी, पेपर कटर, सल्फास की गोलियां, पेट्रोल की केन, चॉकलेट्स और दो पन्नों का सुसाइड नोट बरामद हुआ है।

कार के पिछले हिस्से की सीट भी आंशिक रूप से जली हुई पाई गई है, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि रितिक ने दोनों की हत्या के बाद कार को पेट्रोल डालकर फूंकने की कोशिश की थी, लेकिन वह इसमें नाकाम रहा। पुलिस के मुताबिक, रितिक यह अवैध हथियार कुछ दिन पहले ही सिवनी मालवा से खरीदकर लाया था।

इंदौर का ‘लव अफेयर’ और 2 पन्नों का सुसाइड नोट

एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि रितिक और मुस्कान के बीच लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों ने इंदौर में एक साथ कॉलेज की पढ़ाई की थी और बाद में एक ही कंपनी में नौकरी भी की थी। रितिक के पिता राकेश सोनी शहर के प्रतिष्ठित सराफा व्यापारी हैं, जबकि मुस्कान के पिता विवेक जैन की जनरल स्टोर की दुकान है।

पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच किसी बात को लेकर गंभीर अनबन चल रही थी। कार से मिले दो पन्नों के सुसाइड नोट में रितिक ने लिखा है कि वह इस रिश्ते में मानसिक रूप से बेहद प्रताड़ित हो चुका था और गहरे तनाव में था। इसी प्रताड़ना और अनबन के चलते उसने इस आत्मघाती और हिंसक कदम को उठाने का फैसला किया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट: सिर पर कुल्हाड़ी से वार और गला रेता, रेप की पुष्टि नहीं

जिला अस्पताल के डॉक्टर राजकुमार जैतवार के नेतृत्व में डॉक्टरों के एक पैनल ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, मुस्कान के सिर पर किसी भारी चीज (कुल्हाड़ी) से जोर से वार किया गया था, जिससे सिर की हड्डी टूट गई थी। इसके अलावा उसके गले की हड्डी के पास दो गहरे कट के निशान थे, जो मांसपेशियों की गहराई तक गए थे।

महिला डॉक्टरों की जांच में किसी भी तरह के यौन शोषण या रेप जैसी स्थिति की पुष्टि नहीं हुई है। मौत की असली वजह और जहर के एंगल को खंगालने के लिए विसरा सुरक्षित रख लिया गया है। वहीं, रितिक की मौत सिर में दाईं ओर से गोली लगने के कारण हुई है।

जांच के लिए 6 सदस्यीय SIT गठित

इस हाई-प्रोफाइल और सनसनीखेज हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। इस 6 सदस्यीय एसआईटी में दो थानों के प्रभारी, एक सब-इंस्पेक्टर और साइबर एक्सपर्ट्स को शामिल किया गया है। एफएसएल (FSL) की टीम ने भी कार और घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब रितिक के सुसाइड नोट, दोनों के मोबाइल की कॉल डिटेल्स और डिलीटेड चैट्स के आधार पर मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply