
ब्रिटेन में मछुआरों के एक ग्रुप को तब जोरदार झटका लगा जब उनके जाल में फंसी मछली को करीब दस फ़ीट की शार्क ले उड़ी. सभी इस शिकार को लेकर काफी उत्साहित थे और किनारे पर जाकर दावत के लिए बेक़रार थे. लेकिन तभी समुद्र से निकली इस शार्क ने उनके सारे अरमानों पर पानी फेर दिया और शिकार को एक ही बार में आधा चट कर गई.
मछली पकड़ना जितना रोमांचक होता है, उतना ही खतरनाक भी साबित हो सकता है. ब्रिटेन के डोरसेट तट पर मछुआरों के एक ग्रुप को हाल ही में ऐसा ही अनुभव हुआ जिसे वे शायद कभी नहीं भूल पाएंगे. वे बस मछली पकड़ रहे थे और उन्हें शानदार डबल कैच मिला भी था, लेकिन तभी समुद्र की गहराई से एक विशाल 10 फीट लंबी पोरबीगल शार्क निकली और उनके सारे अरमानों पर पानी फेर दिया.
अनुभवी मछुआरे बेन हम्बर इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी हैं. उन्होंने बताया कि वे अपने दोस्त के साथ नाव पर थे और बास मछली को टारगेट कर रहे थे. जैसे ही उन्होंने एक प्रभावशाली डबल कैच हुक किया, अचानक एक बड़ी आकृति नाव के पास आई. यह कोई और नहीं बल्कि करीब 10 फीट लंबी और 300 पाउंड वजनी पोरबीगल शार्क थी. यह शार्क ग्रेट व्हाइट शार्क की करीबी रिश्तेदार मानी जाती है.
शार्क ने झपटा शिकार
शार्क ने बिना किसी देरी के जाल में फंसी मछली पर झपट्टा मारा और एक ही काट में उसे आधा चबा लिया. पूरा घटनाक्रम इतना तेज था कि मछुआरे कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उनका शिकार आधा हो चुका था. बेन हम्बर ने बताया, “हम बास मछली को टारगेट कर रहे थे. अचानक कुछ बहुत खास हुआ. शार्क नाव के बिल्कुल पास आई और शिकार को छीन लिया.” मछुआरे किनारे पर पहुंचकर इस कैच को लेकर दावत मनाने वाले थे. वे काफी उत्साहित थे लेकिन शार्क ने एक पल में सब कुछ बदल दिया. घटना को देखकर पूरा ग्रुप स्तब्ध रह गया. कई मछुआरे इस बात पर हैरान थे कि इतनी बड़ी शार्क इतनी आसानी से उनके कैच को चुरा लेगी.
निकली तेज शिकारी
पोरबीगल शार्क (Porbeagle Shark) उत्तरी अटलांटिक महासागर में पाई जाने वाली एक शक्तिशाली शिकारी मछली है. यह तेज तैराक होती है और अक्सर बड़े शिकार का पीछा करती है. हालांकि इंसानों पर हमला बहुत कम करती है, लेकिन खाने के लिए वह बेहद आक्रामक हो सकती है. इस घटना में शार्क ने मछली को आधा काटकर खा लिया और शायद बाकी हिस्सा भी ले जाने की कोशिश की. बेन हम्बर ने इस अनुभव को काफी यादगार बताया. उन्होंने कहा कि नाव के पास शार्क को देखना रोमांचक लेकिन डरावना भी था. मछुआरे अब इस घटना को लेकर काफी सतर्क हो गए हैं. वे कह रहे हैं कि समुद्र में शिकार करते समय हमेशा सावधानी बरतनी चाहिए क्योंकि दूसरा शिकारी कहीं भी छिपा हो सकता है.



