Madhya Pradesh

‘मैं बाबा को धन्यवाद देने आई हूं…’, उज्जैन पहुंचीं एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया, बेहद सादगी से किए महाकाल के दर्शन, देखें PHOTOS

Tammannah Bhatia In Ujjain: टॉलीवुड और बॉलीवुड की फेमस फिल्म एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया मंगलवार सुबह विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचीं. तमन्ना ने मंदिर में होने वाली अलौकिक भस्म आरती में दर्शन लाभ लिए और बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया. इस दौरान अभिनेत्री पूरी तरह शिव भक्ति के रंग में रंगी नजर आईं.

‘मैं बाबा को धन्यवाद देने आई हूं…’, उज्जैन पहुंचीं एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया, बेहद सादगी से किए महाकाल के दर्शन, देखें PHOTOS
‘मैं बाबा को धन्यवाद देने आई हूं…’, उज्जैन पहुंचीं एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया, बेहद सादगी से किए महाकाल के दर्शन, देखें PHOTOS

दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए तमन्ना भाटिया काफी भावुक नजर आईं. उन्होंने कहा, “जब तक बाबा महाकाल का बुलावा नहीं आता, तब तक कोई भी यहां दर्शन करने नहीं आ सकता है. पूरे देश में यही एकमात्र ऐसा मंदिर है, जहां लगभग 2 घंटे तक चलने वाली इस भव्य आरती का अनुभव प्राप्त होता है. इस दिव्य अहसास को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता.”

तमन्ना ने आगे कहा कि वह आज भगवान से कुछ मांगने नहीं, बल्कि उन्हें धन्यवाद देने आई हैं. उन्होंने बताया, “बाबा महाकाल ने मुझे बहुत कुछ दिया है. यहां की ऊर्जा अद्भुत है. बहुत कम मंदिरों में ऐसा अवसर मिलता है जब आप इतनी शांति से बैठकर भगवान की भक्ति में लीन हो पाते हैं. मैं खुद को सौभाग्यशाली मानती हूं कि मुझे इस ऊर्जावान वातावरण को महसूस करने का मौका मिला.”

नंदी हॉल में बैठकर की साधना

भस्म आरती के दौरान तमन्ना भाटिया पूरी तरह भक्ति में डूबी दिखाई दीं. उन्होंने परंपरा के अनुसार माथे पर त्रिपुंड लगाया और महाकाल का दुपट्टा धारण कर नंदी हॉल में स्थान ग्रहण किया. आरती के दौरान वह हाथ जोड़कर बाबा महाकाल के निराकार से साकार स्वरूप के दर्शन करती रहीं. महाकालेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से इंजीनियर शिवाकांत पांडे द्वारा अभिनेत्री का स्वागत और सत्कार भी किया गया.

नंदी के कान में कही अपनी बात

भस्म आरती संपन्न होने के बाद तमन्ना भाटिया ने चांदी द्वार के माध्यम से बाबा महाकाल का पूजनअर्चन किया और जलाभिषेक किया. इसके बाद उन्होंने नंदी हॉल पहुंचकर भगवान नंदी की पूजा की और धार्मिक मान्यताओं का पालन करते हुए उनके कान में अपनी मनोकामना भी कही. मंदिर से बाहर निकलते समय बड़ी संख्या में मौजूद फैंस ने उन्हें घेर लिया, जिनका अभिनेत्री ने मुस्कुराहट के साथ अभिवादन स्वीकार किया.

प्रज्ञा कपूर के साथ पहुंची थीं उज्जैन

तमन्ना अकेले नहीं बल्कि अपनी करीबी दोस्त और मशहूर प्रोड्यूसर प्रज्ञा कपूर के साथ महाकाल के दर्शन करने पहुंची थीं. गौरतलब है कि तमन्ना भाटिया इन दिनों अपनी आने वाली फिल्मों को लेकर चर्चा में हैं. वह जल्द ही बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ फिल्म ‘वान’ में नजर आएंगी. एकता आर कपूर द्वारा निर्मित यह फिल्म 28 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है. बाबा महाकाल के दरबार में तमन्ना की यह उपस्थिति न केवल उनकी निजी श्रद्धा को दर्शाती है, बल्कि उज्जैन की वैश्विक धार्मिक महत्ता को भी रेखांकित करती है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply