Lucknow News: उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है. सरकार ने दो जिलाधिकारियों समेत पांच IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं. इसके अलावा छह PCS अधिकारियों को भी नई तैनाती दी गई है. तबादले के बाद अधिकारियों को अलगअलग जिलों और विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.

जालौन और बहराइच के DM बदले
जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय का तबादला कर उन्हें बहराइच का नया जिलाधिकारी बनाया गया है. वहीं, विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स के पद पर तैनात समीर को जालौन का नया जिलाधिकारी बनाया गया है. इसके अलावा झांसी की नगर आयुक्त आकांक्षा राना को विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स की जिम्मेदारी दी गई है.
बाराबंकी और झांसी में भी बदलाव
बाराबंकी में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर तैनात बी. सूदन को झांसी का नया नगर आयुक्त बनाया गया है. वहीं, मुरादाबाद विकास प्राधिकरण में सचिव के पद पर तैनात पंकज वर्मा को बाराबंकी का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है.
6 PCS अधिकारियों के भी तबादले
राज्य सरकार ने छह PCS अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी दी है. सुशील प्रताप सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण का सचिव बनाया गया है. वह अभी कुलसचिव, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय और अपर निदेशक, संस्कृति निदेशालय के पद पर तैनात थे. वहीं, LDA में संयुक्त सचिव के पद पर तैनात अतुल कुमार को कुलसचिव, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय और अपर निदेशक, संस्कृति निदेशालय की जिम्मेदारी दी गई है.
बदायूं और कानपुर में नई तैनाती
उपजिलाधिकारी बदायूं के पद पर तैनात राजेश कुमार सिंह को कानपुर नगर का अपर जिलाधिकारी बनाया गया है. वहीं, गोंडा में अपर जिलाधिकारी के पद पर तैनात संजय कुमार सिंह को उपनिदेशक , युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल की जिम्मेदारी दी गई है.
गोंडा और झांसी में भी बदले अधिकारी
नगर मजिस्ट्रेट झांसी के पद पर तैनात प्रमोद झा को गोंडा का अपर जिलाधिकारी बनाया गया है. इसके अलावा कुशीनगर में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात योगेश्वर सिंह को झांसी का नया नगर मजिस्ट्रेट बनाया गया है. सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के मुताबिक संबंधित जिलों और विभागों में कार्यभार संभालना होगा.


