नई दिल्ली : कॉकरोच जनता पार्टी ने एक बार फिर सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। पार्टी के प्रमुख नेता अभिजीत दीपके ने चेतावनी दी है कि यदि प्रदर्शन में शामिल छात्रों और युवाओं को कथित तौर पर परेशान करने का सिलसिला नहीं रुका तो संगठन जल्द ही देशव्यापी और शांतिपूर्ण विरोधप्रदर्शन करेगा।

अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी पोस्ट में कहा कि सरकार को छात्रों को निशाना बनाना बंद करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों से प्रदर्शनकारियों के साथ पुलिस की सख्ती और उत्पीड़न की शिकायतें सामने आ रही हैं। यदि यह क्रम जारी रहा तो CJP बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होगी।
‘आंदोलन खत्म नहीं, यह सिर्फ पहला चरण’
दीपके ने स्पष्ट किया कि हाल में आंदोलन स्थगित करने का अर्थ यह नहीं है कि अभियान समाप्त हो गया है। उनके मुताबिक संगठन का संघर्ष अभी जारी रहेगा और आने वाले समय में युवाओं से जुड़े मुद्दों पर आवाज बुलंद की जाएगी। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन का समापन केवल एक चरण था, जबकि आगे की रणनीति पर लगातार काम किया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों को मिलेगी कानूनी सहायता
CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरव दास ने भी कहा कि संगठन छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगा। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों में कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए वरिष्ठ वकीलों के साथ समन्वय किया जा रहा है। इसके अलावा देशभर के छात्रों को कानूनी मदद दिलाने के उद्देश्य से एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल भी शुरू किया जाएगा, जहां जरूरतमंद लोग सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
‘साक्षी’ पोर्टल पर जुटाए जाएंगे सबूत
सौरव दास ने जानकारी दी कि संगठन ने ‘साक्षी’ नाम से एक पोर्टल भी शुरू किया है। इस प्लेटफॉर्म पर प्रदर्शन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई से जुड़े वीडियो, तस्वीरें और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान एकत्र किए जाएंगे। उनका कहना है कि इन साक्ष्यों के आधार पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और लोगों से भी अपील की गई है कि यदि उनके पास कोई प्रमाण हैं तो वे पोर्टल पर साझा करें।
लिखित आश्वासन नहीं मिला तो फिर शुरू होगा आंदोलन
इससे पहले CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने भी सरकार को चेतावनी दी थी कि यदि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने और आगे कोई नई कार्रवाई नहीं करने का लिखित आश्वासन नहीं दिया गया तो संगठन दोबारा सड़कों पर उतरने से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि यदि प्रदर्शनकारियों की रिहाई और मामलों पर स्पष्ट निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन का अगला चरण जल्द शुरू किया जाएगा।


