ट्रेन में अमूमन हर भारतीय कभी न कभी तो सफर करता ही है. खासकर अगर लंबी जर्नी हो तो हाइजीन का ध्यान रखने की बहुत जरूरत होती है, क्योंकि आप वॉशरूम जाने से लेकर बर्थ पर लेटते भी हैं और खाना भी होता है. कई बार छोटीछोटी चीजें अगर ध्यान न रखी जाएं तो इससे इन्फेक्शन हो सकता है. आप अपने सफर से यादों की जगह हेल्थ प्रॉब्लम लेकर आते हैं. इस आर्टिकल में जानेंगे कि अगर रेल में यात्रा कर रहे हैं तो हमें हाइजीन से जुड़ी किन बातों का खास ख्याल रखना चाहिए.

ट्रेन में हम टॉयलेट करते हैं और हाथ धोने के बाद सीधे आकर अपना फोन चलाने लगते हैं या फिर बैग छू लेते हैं. इसी तरह से खाने के साथ बैक्टीरिया हमारे शरीर में भी चले जाते हैं. यही वजह होती है कि कई बार लोग सफर करने के बाद बीमार पड़ जाते हैं. जान लेते हैं रेल यात्रा के दौरान किन हाइजीन टिप्स का रखें ध्यान.
हाइजीन किट बनाकर लेकर जाएं
सबसे पहली चीज है कि जिस तरह से आप ट्रिप के लिए अपने कपड़ेफुटवियर जैसी जरूरी चीजें पैक करते हैं, ठीक उसी तरह से एक हाइजीन किट बनाकर जरूर लेकर जाएं. ये डेस्टिनेशन से ज्यादा रास्ते के लिए जरूरी है. इस हाइजीन किट में सोप स्ट्रिप्स रखें या फिर लिक्विड सोप आपके पास होना चाहिए. हैंड सैनेटाइजर इस किट में जरूर होना चाहिए. इसके अलावा आपके पास टिश्यू पेपर या फिर टॉयलेट पेपर जरूर हो, क्योंकि ये सबसे ज्यादा काम आने वाली चीज है. इसी के साथ आपके पास सर्जिकल फेस मास्क भी होने चाहिए. लड़की हैं तो इस किट में टैम्पोन, डिस्पोजेबल पॉकेट्स और पैड्स भी जरूर रखें.
टॉयलेट यूज के टिप्स
अगर आप ट्रेन में टॉयलेट यूज कर रहे हैं तो ध्यान दें कि वो कमोड है या फिर उकड़ू वाली सीट है. टिश्यू पेपर या टॉयलेट पेपर से कमोड को क्लीन करने के बाद ही वॉशरूम जाएं और टॉयलेट के बाद ही नहीं बल्कि पहले भी फ्लश जरूर करें. इससे संक्रमण से काफी हद तक बचाव होता है.
हैंड वॉश का रखें ध्यान
टॉयलेट से आने के बाद अपने हाथों को बहते हुए पानी में धोना ही काफी नहीं होता है, बल्कि पेपर सोप या फिर लिक्विड सोप से जरूर क्लीन करें. उंगलियों के बीच और नाखूनों को अच्छे से साफ करें. इसके बाद आप अपने हाथों को सेनेटाइज करना भी न भूलें, क्योंकि हाथ भले ही साफ दिख रहे हो, लेकिन हो सकता है कि उसमें कीटाणु हो.
Pexels
कुछ खाने से पहले हाथ जरूर धोएं
घर पर खाना खाने से पहले तो हाथ धोने की आदत है, लेकिन सफर में लोग हर थोड़ी देर पर कुछ न कुछ खाते रहते हैं. आप ट्रेन में सीट से लेकर दरवाजे के हैंडल, खिड़की तक कई चीजों के संपर्क में आते हैं. ऐसे में खाने के सामान को छूने से पहले अपने हाथों को सेनेटाइज करें या फिर धोकर आएं. सेनेटाइज करने के बाद कम से कम 20 से 30 सेकंड रुके तभी खाने की चीजों को हाथ लगाएं.
फोन को वॉशरूम न लेकर जाएं
कुछ रिसर्च कहती हैं कि हमारे फोन पर एक टॉयलेट सीट जितने कीटाणु हो सकते हैं. दरअसल कम ही लोग होते हैं जो अपने फोन को अच्छे से हर दिन क्लीन करते होंगे, जबकि इसे छूने के बाद अक्सर खाना खा लिया जाता है. लोग घरों में भी वॉशरूम में अपने साथ फोन लेकर जाते हैं जो एक बेहद खराब आदत है. इससे बैक्टीरिया फोन के साथ लगकर आ जाते हैं. ट्रेन में तो इस बात का खास ध्यान रखें कि आप अपने साथ वॉशरूम में फोन कतई लेकर न जाएं. इसे बैग में या फिर पॉकेट में ही रखें.
बारबार चेहरे पर हाथ न लगाएं
लंबा सफर कर रहे हैं तो कोशिश करें कि अपने हाथों को क्लीन तो रखे हीं, लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि बारबार अपनी आंखों, नाक, चेहरे को न छुएं. इससे भी बैक्टीरिया आपके शरीर में जा सकते हैं. दरअसल आपको हर सरफेस से डरने की जरूरत नहीं, लेकिन सावधानी रखना आवश्यक होता है.



