BusinessIndiaTrending

PPF में पैसा जमा करना भूल गए? कोई बात नहीं ऐसे फिर से एक्टिव होगा आपका खाता

अगर आप अपने PPF अकाउंट में सालाना न्यूनतम रकम जमा करना भूल गए हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है. PPF एक सुरक्षित निवेश विकल्प है, जिसमें छोटी सी चूक के बाद भी आपका पैसा सुरक्षित रहता है. हालांकि, समय पर निवेश न करने पर आपका खाता इनएक्टिव हो सकता है. अच्छी बात यह है कि थोड़ी सी पेनल्टी देकर आप इसे फिर से एक्टिव कर सकते हैं. आइए आपको इसकी जुड़ी पूरी प्रक्रिया और नियम के बारे में डिटेल से बताते हैं.

PPF में पैसा जमा करना भूल गए? कोई बात नहीं ऐसे फिर से एक्टिव होगा आपका खाता
PPF में पैसा जमा करना भूल गए? कोई बात नहीं ऐसे फिर से एक्टिव होगा आपका खाता

इनकम टैक्स बचाने और लंबी अवधि के सुरक्षित निवेश के लिए Public Provident Fund एक लोकप्रिय विकल्प है. लेकिन कई बार लोग वित्तीय वर्ष के दौरान इसमें न्यूनतम निवेश करना भूल जाते हैं. ऐसे में उनका PPF खाता निष्क्रिय हो जाता है. PPF के नियमों के अनुसार, हर वित्तीय वर्ष के बीच कम से कम 500 रुपये जमा करना जरूरी होता है. अगर कोई निवेशक पूरे साल यह न्यूनतम राशि जमा नहीं करता, तो उसका खाता इनएक्टिव हो जाता है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि आपका पैसा डूब जाएगा. PPF भारत सरकार द्वारा समर्थित योजना है, इसलिए आपका निवेश पूरी तरह सुरक्षित रहता है.

अकाउंट इनएक्टिव होने पर नुकसान!

खाता निष्क्रिय होने के बाद कुछ सुविधाएं बंद हो जाती हैं. उदाहरण के तौर पर, आप इस खाते के खिलाफ लोन नहीं ले सकते और आंशिक निकासी की सुविधा भी बंद हो जाती है. इसके अलावा, आप उस अवधि के लिए Section 80C के तहत टैक्स छूट का लाभ भी नहीं उठा पाएंगे. अब सवाल आता है कि इसे दोबारा एक्टिव कैसे करें और कितनी पेनल्टी लगेगी. PPF खाते को पुनः चालू करने के लिए प्रति वर्ष 50 रुपये की पेनल्टी देनी होती है, जिस साल आपने न्यूनतम निवेश नहीं किया. इसके साथ ही हर छूटे हुए साल के लिए 500 रुपये जमा करना भी अनिवार्य है.

मान लीजिए आपका खाता दो साल से निष्क्रिय है, तो आपको 100 रुपये पेनल्टी और 1000 रुपये न्यूनतम जमा मिलाकर कुल 1100 रुपये जमा करने होंगे. इसके बाद आपका खाता फिर से सक्रिय हो जाएगा. खाते को एक्टिव करने के लिए आपको उस बैंक या पोस्ट ऑफिस में जाना होगा, जहां आपका PPF खाता है. वहां एक लिखित आवेदन देना होगा. बैंक या पोस्ट ऑफिस अधिकारी आपके खाते की स्थिति जांचेंगे और आवश्यक राशि जमा कराने के बाद खाते को फिर से एक्टिव कर देंगे. इसलिए, अगर आप PPF में निवेश करना भूल गए हैं, तो समय रहते इसे दोबारा एक्टिव कर लें, ताकि आप इसके सभी लाभ फिर से उठा सकें.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply